गश्मीर महाजनी के पिता एक्टर रवींद्र महाजनी की हुई मौत, फ्लैट में मिली बॉडी, जांच में जुटी पुलिस
Ravindra Mahajani Death: टीवी के फेमस सीरियल 'इमली' के लीड एक्टर गश्मीर महाजनी को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है। खबर है कि गश्मीर के पिता और मराठी एक्टर और डायरेक्टर रवींद्र महाजनी की मौत हो गई है। उनका शव गत 14 जुलाई को पुणे के एक अपार्टमेंट में मिला है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुणे के तालेगांव दाभाड़े के अपार्टमेंट में रवींद्र महाजनी अकेले ही रहते थे।
पुलिस ने बताया है कि फेमस मराठी एक्टर और डायरेक्टर रवींद्र महाजनी पिछले 8 महीने से पुणे के तालेगांव दाभाड़े के जर्बिया सोसायटी में किराए पर रह रहे थे। वह उस फ्लैट में अकेले रहते थे। जब पड़ोसियों को गत 14 जुलाई की शाम को उनके घर से बदबू आई तो उन लोगों ने पुलिस को इस बात की सूचना दी थी।

फ्लैट में पड़ा था एक्टर का शव, लोगों को आई बदबू
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार तालेगांव एमआईडीसी पुलिस स्टेशन की एक टीम तुरंत रवींद्र महाजनी के फ्लैट पर पहुंची थीं। अपार्टमेंट अंदर से बंद था। स्थानीय निवासियों की मौजूदगी में, पुलिस ने दरवाजा तोड़ा और घर में एंट्री की। फ्लैट में रवींद्र महाजनी की बॉडी पड़ी हुई थी। पुलिस ने बताया कि उस अपार्टमेंट के मालिक ने शव की पहचान एक्टर गश्मीर महाजनी के पिता रवींद्र महाजनी के रूप में की है। पुलिस को शक है कि एक्टर का निधन दो से तीन दिन पहले हो गया था। जब बदबू आई तो लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी।
फ्लैट में अकेले रहते थे रवींद्र महाजनी
फिलहाल पुलिस ने दिवंगत अभिनेता रवींद्र महाजनी के परिवार को उनकी मौत के बारे में सूचित कर दिया है। वहीं मौत के कारण की पुष्टि के लिए बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट चुकी है। आपको बता दें कि रवींद्र महाजनी को 'मुंबईचा फौजदार' (1984) और 'कलात नकलत' (1990) जैसी फिल्मों के लिए जाना जाता है। 1970 के समय में उन्होंने मराठी इंडस्ट्री में काफी पॉपुलैरिटी हासिल की थी। दिवंगत अभिनेता रवींद्र महाजनी को आखिरी बार साल 2019 में रिलीज हुई फिल्म 'पानीपत' में देखा गया था।
रवींद्र महाजनी के बेटे गश्मीर महाजनी
जानकारी के अनुसार रवींद्र महाजनी के बेटे गश्मीर महाजनी एक मशहूर टीवी एक्टर हैं। उन्होंने 'इमली' सीरियल में काम कर अपनी पहचान बनाई थी। इसके बाद वह 'झलक दिखला जा 10' में नजर आए थे। फिलहाल वह कलर्स चैनल के सीरियल 'तेरे इश्क में घायल' में नजर आ रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications