'लड़कियों की ब्रा बड़ी लेकिन कमर छोटी होनी चाहिए', बॉडी शेमिंग को लेकर Double XL का ट्रेलर रिलीज
Double XL Trailer: फिल्म 'डबल एक्सएल' की कहानी प्लस साइज महिलाओं और उनके ख्वाबों पर आधारित है। ये फिल्म आगामी 4 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी जिसका आज ट्रेलर रिलीज हो गया है।
Double XL Trailer: बॉलीवुड एक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा और हुमा कुरैशी की अपकमिंग फिल्म 'डबल एक्स एल' रिलीज से पहले ही लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई है। लोगों को इस फिल्म का टीजर काफी पसंद आया था। आपको बता दें कि इस फिल्म की कहानी प्लस साइज महिलाओं और उनके ख्वाबों पर आधारित है। ये फिल्म आगामी 4 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी लेकिन आज इस फिल्म का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है। ट्रेलर में हुमा कुरैशी और सोनाक्षी सिन्हा बिल्कुल अलग अंदाज में नजर आ रही हैं। ये फिल्म लड़कियों के मोटापे को लेकर उनकी बॉडी शेमिंग करने वालों को एक करारा जवाब देती है। फिल्म 'डबल एक्स एल' का छोटा सा ट्रेलर लोगों को खूब पसंद आ रहा। ट्रेलर रिलीज होने के बाद से सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगा है।

ट्रेलर में हुई बॉडी शेमिंग को लेकर बात
इस ट्रेलर की शुरुआत में देखा जा सकता है कि एक डबल एक्सएल साइज की लड़की हुमा कुरैशी उत्तर प्रदेश के मेरठ में रहती है और बड़े-बड़े सपने देखती है। सपने में वह खुद को क्रिकेटर शिखर धवन के साथ डांस करते देखती है, तभी उसकी मां आकर उसे नींद से जगा देती है। हुमा अपने एक दोस्त को बताती हैं कि वह स्पोर्ट्स चैनल की एंकर बनना चाहती हैं, लेकिन वह उसको मोटा बताते हुए हतोत्साहित कर देता है और उसका मजाक भी उड़ाता है।
सोनाक्षी और हुमा ने एकसाथ बनाया ऐसा प्लान
वहीं दूसरी तरफ हालात की मारी सोनाक्षी सिन्हा का बॉयफ्रेंड भी उसे बॉडी साइज की वजह से धोखा दे देता है। इन सबसे वह काफी दुखी हो जाती है। ऐसे में हुमा और सोनाक्षी की मुलाकात एक शॉपिंग मॉल के टॉयलेट में होती है जहां दोनों अपनी अपनी जिंदगी का रोना रो रहे थे। यहीं से दोनों की कहानी एकसाथ आगे बढ़ती है।
लंदन में जाकर पूरे किए सपने
ट्रेलर में सोनाक्षी सिन्हा अपनी को एक्ट्रेस हुमा कुरैशी को समझाती हैं कि अगर वह उनका साथ देंगी तो उन्हें किसी ऐसे वैसे आदमी से शादी नहीं करनी पड़ेगी। इसके बाद दोनों एकसाथ लंदन चले जाते हैं और वहां पर बेपरवाह होकर खुलकर अपनी जिंदगी जीते हैं। दोनों लोगों की बातों को अनदेखा कर अपने सपने पूरे करने में लग जाते हैं।
बॉडी साइज को लेकर न करें चिंता
ये ट्रेलर सीधे तौर पर उन लड़कियों के लिए एक बड़ा मैसेज हैं, जो दूसरों के कहने पर अपने बॉडी साइज को लेकर चिंता में पड़ जाती हैं। साथ ही ये लड़कियां मजाक और तानों की वजह से सपने देखना भी छोड़ देती हैं। इस फिल्म में हुमा कुरैशी और सोनाक्षी सिन्हा के अलावा जहीर इकबाल भी अहम भूमिका में हैं।

शिखर धवन भी हैं इस फिल्म का हिस्सा
इस फिल्म के मेकर्स ने अपने दर्शकों को एक बड़ा सरप्राइज दिया है। मेकर्स ने खुद बताया कि भारतीय क्रिकेटर शिखर धवन भी इस फिल्म का हिस्सा हैं। इस फिल्म में उनका एक स्पेशल अपीरियंस होगा। इस बात को जानने के बाद से क्रिकेट प्रेमी काफी खुश नजर आ रहे हैं। ट्रेलर में भी शिखर धवन नजर आ रहे हैं।
4 नवंबर को रिलीज होगी ये फिल्म
आपको बता दें कि सोनाक्षी सिन्हा और हुमा कुरैशी की फिल्म डबल एक्सएल बॉलीवुड एक्ट्रेस कैटरीना कैफ की फिल्म फोन भूत के साथ ही सिनेमाघरों में रिलीज होगी। ये दोनों फिल्में आगामी 4 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही हैं। फिल्म डबल एक्सएल के डायरेक्टर सतराम रमन हैं। वहीं इस फिल्म को भूषण कुमार के साथ-साथ खुद हुमा कुरैशी और उनके भाई साकिब सलीम ने प्रोड्यूस किया है।












Click it and Unblock the Notifications