Divya Bharti की मौत के बाद शूटिंग सेट पर क्या हुआ? श्रीदेवी की अजीब हरकत देख लोगों के खड़े हो गए थे रोंगटे
Divya Bharti and Sridevi: 90 के दशक की चकाचौंध भरी दुनिया में अगर किसी एक्ट्रेस ने कम समय में सबसे ज्यादा शोहरत पाई तो वह दिव्या भारती थीं। उनकी मासूमियत, खूबसूरती और बेहतरीन अदाकारी ने उन्हें रातों-रात सुपरस्टार बना दिया था। हालांकि 5 अप्रैल 1993 को उनके अचानक निधन की खबर ने फिल्म इंडस्ट्री को गहरे सदमे में डाल दिया था।
मौत से पहले 'लाडला' की शूटिंग कर रही थीं दिव्या भारती
मौत से पहले तक दिव्या भारती फिल्म 'लाडला' की शूटिंग लगभग पूरी कर चुकी थीं। कहा जाता है कि करीब 90 फीसदी फिल्म की शूटिंग हो चुकी थी और तभी ये दर्दनाक घटना हुई।

दिव्या भारती और श्रीदेवी की होती थी तुलना
आपको बता दें कि उन दिनों दिव्या भारती की तुलना एक्ट्रेस श्रीदेवी के साथ की जाती थी। दोनों की शक्ल-सूरत में समानता और स्क्रीन प्रेजेंस इतनी दमदार थी कि दर्शक उन्हें देखने के लिए सिनेमाघरों में उमड़ पड़ते थे।
'लाडला' के भविष्य पर उठ रहे थे सवाल
दिव्या भारती की असमय मौत के बाद फिल्म 'लाडला' के भविष्य पर सवाल उठने लगे थे। कई लोगों ने फिल्म बंद करने की सलाह दी थी लेकिन मेकर्स को भरोसा था कि ये फिल्म रिलीज हुई तो बॉक्स ऑफिस पर कमाल कर देगी।
दिव्या भारती की जगह श्रीदेवी ने किया काम
दिव्या भारती की मौत के करीब 6 महीने बाद मेकर्स ने फिल्म को आगे बढ़ाने का फैसला लिया था। निर्देशक राज कंवल और निर्माता नितिन मनमोहन ने मूवी के स्क्रिप्ट में बदलाव करते हुए श्रीदेवी को फिल्म के लिए साइन किया था। श्रीदेवी ने स्क्रिप्ट पढ़ने के बाद हामी भर दी थी। उनके किरदार के अनुसार कहानी में कुछ बदलाव किए गए थे ताकि फिल्म उनकी अदाकारी के अनुरूप ढल सके।
सेट पर हुआ कुछ ऐसा कि कांप उठे थे लोग
-जब दिव्या भारती की मौत के 6 महीने बाद फिल्म 'लाडला' की शूटिंग दोबारा शुरू हुई तो पूरा कास्ट और क्रू भावनात्मक रूप से पहले से ही संवेदनशील हो चुका था। इसी दौरान एक सीन में वह डायलॉग आया जिसे बोलते समय दिव्या भारती पहले लड़खड़ा गई थीं। चौंकाने वाली बात ये रही कि उसी डायलॉग को बोलते हुए श्रीदेवी भी अटक गई थीं। सेट पर मौजूद लोग इसे एक अजीब संयोग मान रहे थे।
-सेट का माहौल इतना भावुक हो गया था कि क्रू मेंबर्स ने शांति के लिए नारियल फोड़ा और गायत्री मंत्र का जाप किया था। उस पल में सभी को दिव्या भारतीकी याद आ गई और कई लोग भावुक हो उठे थे।

अचानक खत्म हुई एक चमकती जिंदगी
जानकारी के अनुसार दिव्या भारती का निधन 5 अप्रैल 1993 को मुंबई में उनके अपार्टमेंट की 5वीं मंजिल से गिरने के कारण हुआ था। उनकी मौत आज भी रहस्य और चर्चा का विषय बनी हुई है। सिर्फ 19 साल की उम्र में उन्होंने जो स्टारडम हासिल किया था, वह किसी सपने से कम नहीं था लेकिन ये सपना बहुत जल्दी टूट गया।
बॉक्स ऑफिस पर 'लाडला' ने दिखाया था अपना कमाल
आखिरकार फिल्म 'लाडला' सिनेमाघरों में रिलीज हुई और दर्शकों ने इसे खूब पसंद किया था। फिल्म की सफलता के साथ ही दिव्या भारती की यादें भी एक बार फिर ताजा हो गई थीं। ये फिल्म सिर्फ एक हिट प्रोजेक्ट नहीं थी बल्कि उस दौर की एक भावनात्मक कहानी बन गई थी, जहां एक चमकते सितारे की कमी हर फ्रेम में महसूस की गई।
दिव्या भारती की पॉपुलैरिटी में नहीं आई कोई कमी
दिव्या भारती ने भले ही बहुत कम समय तक इंडस्ट्री में काम किया लेकिन उनकी पॉपुलैरिटी आज भी कायम है। उनकी मुस्कान, उनकी मासूमियत और उनका टैलेंट हमेशा याद किया जाएगा। फिल्म 'लाडला' की कहानी इस बात का प्रमाण है कि कुछ सितारे भले ही जल्दी चले जाएं लेकिन उनकी चमक कभी फीकी नहीं पड़ती।












Click it and Unblock the Notifications