दिलजीत दोसांझ को अमिताभ बच्चन के सामने ऐसा काम करना पड़ा भारी, खालिस्तानी संगठन ने दे डाली धमकी
Diljit Dosanjh Threatened by Khalistani Group: लोकप्रिय पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ इस समय विवादों में घिर गए हैं। खालिस्तानी संगठन 'सिख फॉर जस्टिस (SFJ)' ने उन्हें धमकी दी है और 1 नवंबर को ऑस्ट्रेलिया में होने वाले उनके कॉन्सर्ट का बहिष्कार करने की घोषणा की है। यह विवाद तब शुरू हुआ जब दिलजीत हाल ही में टीवी शो 'कौन बनेगा करोड़पति 17' में पहुंचे, जहां उन्होंने शो के होस्ट अमिताभ बच्चन के पैर छूकर सम्मान व्यक्त किया था।

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, खालिस्तानी आतंकवादी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने एक वीडियो जारी कर दोसांझ को निशाने पर लिया है। पन्नू ने आरोप लगाया कि अमिताभ बच्चन ने 1984 के सिख विरोधी दंगों को भड़काने में भूमिका निभाई थी, और ऐसे व्यक्ति के पैर छूकर दिलजीत दोसांझ ने "सिख समुदाय के घावों पर नमक छिड़का" है।
पन्नू ने कहा कि यह "कोई मासूम हरकत नहीं बल्कि जानबूझकर किया गया अपमान" है। उन्होंने दावा किया कि दोसांझ का यह व्यवहार उन सभी पीड़ितों, विधवाओं और अनाथों का अपमान है जिन्होंने 1984 के दंगों में अपने परिजन खोए।
स्मृति दिवस पर कॉन्सर्ट का विरोध
खालिस्तानी संगठन ने यह भी कहा कि 1 नवंबर को दुनियाभर के सिख समुदाय द्वारा स्मृति दिवस के रूप में मनाया जाता है, ताकि 1984 के दंगों में मारे गए लोगों को याद किया जा सके। ऐसे दिन कॉन्सर्ट या किसी भी प्रकार का मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित करना "असंवेदनशीलता" है। संगठन ने दिलजीत दोसांझ पर आरोप लगाया कि वह इस दिन कॉन्सर्ट कर "शहीदों की याद का मजाक" बना रहे हैं।
कॉन्सर्ट के बहिष्कार और विरोध रैली की घोषणा
'सिख फॉर जस्टिस' ने दुनियाभर के सिख समुदाय, कलाकारों और प्रशंसकों से अपील की है कि वे दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में शामिल न हों। संगठन ने कहा कि वे इस आयोजन के विरोध में रैली भी निकालेंगे।
सोशल मीडिया पर दिलजीत को मिला समर्थन
वहीं, दूसरी ओर सोशल मीडिया पर दिलजीत दोसांझ के प्रशंसक उनके समर्थन में उतर आए हैं। लोगों ने कहा कि अमिताभ बच्चन के पैर छूना भारतीय परंपरा के अनुसार सम्मान का प्रतीक है, न कि किसी समुदाय का अपमान। कई यूजर्स ने SFJ के आरोपों को राजनीतिक प्रचार बताते हुए खारिज किया है।












Click it and Unblock the Notifications