दीपक तिजोरी ने मोहित सूरी पर लगाया धोखेबाजी का आरोप, बोले- आइडिया चुरा लिया और..., जानें क्या हुई बात
Deepak Tijori On Mohit Suri: बॉलीवुड एक्टर-डायरेक्टर दीपक तिजोरी को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। खबर है कि दीपक तिजोरी ने फिल्म मेकर मोहित सूरी पर धोखा देने का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि फिल्म 'जहर' उनका आइडिया था और मोहित सूरी ने उनके कॉन्सेप्ट पर ये फिल्म बनाई थी। दीपक तिजोरी का ये भी कहना है कि उनका आइडिया चुराकर मोहित सूरी ने फिल्म तो बनाई ही लेकिन उन्हें क्रेडिट तक नहीं दिया। सालों बाद दीपक तिजोरी ने ये खुलासा करके लोगों को हैरान कर दिया है।
दीपक तिजोरी ने सुनाई धोखे की कहानी
बॉलीवुड ठिकाना को दिए गए इंटरव्यू में दीपक तिजोरी ने कहा- मैं महेश भट्ट के साथ काम करना चाहता था। मैंने उन्हें फिल्म की कहानी भी सुनाई थी, उस वक्त वह ट्रेड मिल पर थे। उन्होंने मुझे 15 से 20 मिनट तक सुना और कहा कि मजा नहीं आया। इसे भूल जाओ। इसके बाद जब मैं उनके रूम से निकलने लगा तो बाहर मोहित सूरी बैठे हुए दिखाई दिए थे। मैंने उनसे कहा कि महेश भट्ट से कहिए कि एक बार वह मुझे सुन तो लें। आप आउट ऑफ टाइम फिल्म देखो और उन्हें भी दिखाओ।

दीपक ने कहा- मेरे साथ बहुत बड़ा धोखा हुआ है
दीपक तिजोरी ने आगे कहा- चार दिन बाद अनुराग बासु ने मुझे बताया कि महेश भट्ट को 'आउट ऑफ टाइम' फिल्म बहुत पसंद आई और वह इससे मोहित सूरी को लॉन्च करना चाहते हैं। दीपक तिजोरी ने कहा- उस वक्त मुझे बहुत गुस्सा आया था। ये मेरा दूसरा करियर था, मेरे दूसरे करियर का पहला धोखा और इतना बड़ा धोखा मिला था मुझे। तब से लेकर आज तक मोहित सूरी मेरे सामने आकर नहीं बोले कि उन्होंने मेरे साथ धोखा किया है।
मुझे फिल्म 'जहर' का क्रेडिट तक नहीं मिला
दीपक तिजोरी ने भावुक होते हुए कहा- 'जहर' मोहित सूरी की पहली फिल्म थी, जो कि मेरा आइडिया था। वह मुझे बता सकते थे। एक बार फोन कर लेते और बोल देते कि मैंने किया है ये। क्या फर्क पड़ता है।मुझे तो इस फिल्म का क्रेडिट भी नहीं दिया गया था।
साल 2005 में रिलीज हुई थी फिल्म 'जहर'
आपको बता दें कि फिल्म 'जहर' साल 2005 में रिलीज हुई थी, जिसके डायरेक्टर मोहित सूरी थे। इसी फिल्म से उन्होंने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की थी। फिल्म 'जहर' में इमरान हाशमी और उदिता गोस्वामी नजर आई थीं। इस फिल्म के प्रोड्यूसर महेश भट्ट थे।












Click it and Unblock the Notifications