जेल से बाहर आकर शीजान खान ने तुनिषा की मौत पर तोड़ी चुप्पी, कहा- अगर वो जिंदा होती तो मुझे.....
Sheezan Khan: शीजान खान को जमानत मिल गई है। जेल से बाहर आकर उन्होंने कहा कि अब वह कुछ दिनों तक अपने परिवार के साथ रहना चाहते हैं और उन्हें तुनिषा की भी याद आ रही है।

Sheezan Khan: शीजान खान जो कि टीवी एक्ट्रेस तुनिषा शर्मा मौत के मामले के आरोपी हैं ने कहा है कि वह अपनी पूर्व गर्लफ्रेंड और को-एक्ट्रेस को मिस कर रहे हैं। एक महीने से अधिक समय तक हिरासत में रहने के बाद, शीजान खान को फिलहाल जमानत मिल गई है। आपको बता दें कि तुनिषा शर्मा को टीवी शो अली बाबा दास्तान-ए-काबुल के शूटिंग सेट पर पिछले साल दिसंबर में मृत पाया गया था। वहीं पुलिस ने कहा था कि ये सुसाइड का मामला था। एक्ट्रेस तुनिषा शर्मा की मौत के एक दिन बाद उनकी मां ने एक्ट्रेस के बॉयफ्रेंड और को-एक्टर शीजान खान पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज की थी। इसके बाद शीजान को गिरफ्तार कर लिया गया था। वहीं गत 4 मार्च को अदालत ने शीजान को एक लाख रुपये के निजी मुचलके पर जमानत दे दी है।

शीजान ने कहा- तुनिषा मेरे लिए लड़ती
तुनिषा शर्मा के बारे में पूछे जाने पर शीजान ने ईटाइम्स को बताया- मुझे उसकी याद आती है और अगर वह जीवित होती, तो वह मेरे लिए जरूर लड़ती। उन्होंने जेल से बाहर आने और अपने परिवार के साथ दोबारा मिलने के बारे में बात की। शीजान ने कहा- आज, मैं स्वतंत्रता का सही अर्थ समझ रहा हूं और मैं इसे महसूस भी कर सकता हूं। जब मैंने जेल से बाहर आकर अपनी मां और बहनों को देखा तो मेरी आंखों में आंसू आ गए थे और मैं बहुत खुश हुआ था।

'मैं मां की गोद में लेटना चाहता हूं'
शीजान ने आगे कहा- आखिरकार मैं अपने परिवार के साथ हूं। यह एक जबरदस्त एहसास है। मैं कुछ दिनों के लिए अपनी मां की गोद में लेटना चाहता हूं, उनके हाथ का बना खाना चखना चाहता हूं और अपनी बहनों और भाई के साथ समय बिताना चाहता हूं।

शीजान खान को मिल गई जमानत
पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार गत 4 मार्च को कोर्ट ने शीजान खान को इस आधार पर जमानत दे दी है कि उन्हें जेल में रखने की कोई जरूरत नहीं है क्योंकि जांच पूरी हो चुकी है और चार्जशीट दायर की जा चुकी है। आपको बता दें कि गत 5 मार्च को जब शीजान खान ठाणे सेंट्रल जेल से बाहर आए तो उन्होंने बाहर आकर अपनी बहनों फलक नाज और शफाक नाज को गले से लगा लिया था।

तुनिषा और शीजान का ब्रेकअप हो चुका था
कोर्ट में शीजान खान के वकील शैलेंद्र मिश्रा ने कहा- तुनिषा शर्मा के साथ शीजान का ब्रेकअप हो चुका था। तुनिषा की मौत से करीब 2 महीने पहले ही दोनों के बीच का रिलेशनशिप खत्म हो चुका था। ऐसे में इस समय सुसाइड के लिए उकसाने की बात का कोई मायने नहीं है। वकील शैलेंद्र ने कहा- शीजान खुद तुनिषा को अस्पताल ले गया था और ऐसे में ये साफ समझ में आता है कि तुनिषा की मौत के लिए शीजान जिम्मेदार नहीं है।

तुनिषा के वकील ने कहा था- एक्ट्रेस को दी जा रही थी गलत दवा
इससे पहले दिवंगत एक्ट्रेस तुनिषा शर्मा के वकील तरुण शर्मा ने दावा किया था कि आरोपी शीजान खान का परिवार तुनिषा को गलत दवाएं दे रहा था। शीजान का परिवार तुनिषा को उसकी फैमिली से दूर करने की कोशिश भी कर रहा था। वकील तरुण शर्मा के मुताबिक, शीजान खान के वकील तुनिषा को डिप्रेशन का मरीज बताकर इस केस को गुमराह करने की कोशिश कर रहे थे।












Click it and Unblock the Notifications