जिंदगी और मौत से जंग लड़ रहा है साउथ का ये मशहूर कॉमेडियन, धनुष और विजय सेतुपति ने की आर्थिक मदद
तमिल सिनेमा के जाने माने कॉमेडियन बोंडा मणि इन दिनों अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं। फिलहाल बोंडा का चेन्नई के ओमांदूर सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
मुंबई, 26 सितंबरः गत 21 सितंबर को ही देश के फेमस कॉमेडियन और अभिनेता राजू श्रीवास्तव का निधन हो गया है। वह पिछले 42 दिनों से दिल्ली के एम्स अस्पताल में जिंदगी और मौत से जंग लड़ रहे थे। उनके यूं चले जाने से पूरी बॉलीवुड इंडस्ट्री में शोक की लहर है। इसी बीच खबर है कि तमिल सिनेमा के जाने माने कॉमेडियन बोंडा मणि इन दिनों अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं। फिलहाल बोंडा का चेन्नई के ओमांदूर सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार उनकी दोनों किडनी खराब हो चुकी हैं और उनकी हालत काफी नाजुक बनी हुई है। तमिल कॉमेडियन अपनी कमजोर आर्थिक स्थिति के कारण अपनी चिकित्सा खर्चों से से भी परेशान हैं। ऐसे में साउथ के फेमस एक्टर धनुष और विजय सेतुपति ने उन्हें सपोर्ट किया है और आर्थिक मदद दी है।

धनुष और विजय सेतुपति ने की आर्थिक मदद
खबर है कि तमिल सिनेमा के मशहूर कॉमेडियन बोंडा मणि को उनके इलाज के लिए साउथ के फेमस एक्टर धनुष और विजय सेतुपति ने 1-1 लाख रुपये की आर्थिक मदद दी है। कॉमेडियन और उनके परिवार ने दोनों एक्टरों को मदद के लिए धन्यवाद कहा है। आपको बता दें कि एक्टर धनुष से पहले साउथ फिल्मों के मशहूर नेगेटिव रोल निभाने वाले एक्टर विजय सेतुपति ने बोंडा मणि के इलाज के लिए 1 लाख रुपये डोनेट किए थे। इसके अलावा अभिनेता वडिवेलु ने भी बोंडा मणि के परिवार वालों को अस्पताल के बिलों के लिए आर्थिक मदद करने का आश्वासन दिया है। वहीं बोंडा मणि के लिए कॉमेडियन बेंजामिन ने सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें साथी कलाकार की मदद के लिए गुहार लगाई गई है।
बोंडा मणि ने तमिल फिल्मों में किया काम
बोंडा मणि 59 साल के हैं और उनका असली नाम केधीस्वरन है। स्टैंड अप कॉमेडी के अलावा बोंडा मणि ने कुछ तमिल फिल्मों में भी काम किया है। साल 1980 में बोंडा मणि पहली बार सिंगापुर से भारत आए थे। अपनी चेन्नई यात्रा के दौरान उनका साउथ फिल्मों के डायरेक्टर भाग्यराज के साथ मिलना हुआ और तब उन्हें फिल्म 'पावुन्नु पावुनुथन' में एक रोल करने के लिए कहा गया। इसके बाद बोंडा मणि ने फिल्म थेन्ड्रल वरुम थेरू में शानदार रोल निभाया। बोंडा मणि राजनीति से भी जुड़े हुए हैं। जून 2016 में वह द्रविड़ मुनेत्र कड़गम पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम राजनीतिक दल में शामिल हो गए थे।












Click it and Unblock the Notifications