Ghooskhor Pandit Controversy: सीएम योगी का मनोज बाजपेयी की सीरीज पर बड़ा एक्शन, दर्ज हुई FIR
Ghooskhor Pandit Controversy: फिल्म 'घूसखोर पंडत' अपनी रिलीज़ से पहले ही बड़े विवाद का कारण बन गई है। बीते ही दिनों नेटफ्लिक्स ने इस सीरीज को अनाउंस किया था। फिल्म पर ब्राह्मण समाज की गलत छवि पेश करने का आरोप लगाया गया है। जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंच गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर लखनऊ के हजरतगंज कोतवाली में फिल्म के निर्देशक और उनकी टीम के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।
यह शिकायत इंस्पेक्टर विक्रम सिंह द्वारा दर्ज कराई गई। पुलिस का कहना है कि फिल्म का नाम और उसका प्रस्तुतीकरण समाज विशेष के प्रति नेगेटिव सोच पैदा कर सकता है और इससे सामाजिक तनाव बढ़ने की आशंका है।

प्रधानमंत्री से की गई बैन की मांग
मथुरा के श्रीकृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास के अध्यक्ष दिनेश फलाहारी महाराज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर इस फीस पर तुरंत प्रतिबंध लगाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि फिल्म का शीर्षक समाज की छवि को नुकसान पहुंचाता है और 'घूसखोर' जैसे शब्द का इस्तेमाल बेहद आपत्तिजनक है। प्रयागराज के संतों ने भी इस फिल्म का कड़ा विरोध किया है। अखिल भारतीय दंडी संन्यासी परिषद के अध्यक्ष स्वामी ब्रह्माश्रम महाराज ने इसे सनातन परंपरा के खिलाफ बताया और वेब सीरीज़ पर बैन लगाने की मांग की है।
नीरज पांडेय ने हटाया प्रमोशनल कंटेंट
विवाद बढ़ने के बाद फिल्म के निर्देशक नीरज पांडेय ने आधिकारिक बयान जारी किया। उन्होंने माना कि कुछ दर्शकों की भावनाएं आहत हुई हैं और इसी वजह से फिल्म से जुड़ा सारा प्रमोशनल मटेरियल हटा दिया गया है। मनोज बाजपेयी, नुसरत भरूचा और श्रद्धा दास अभिनीत यह वेब सीरीज़ इसी साल नेटफ्लिक्स पर रिलीज़ होने वाली है। हालांकि, मौजूदा विवाद और कानूनी कार्रवाई के चलते इसकी रिलीज़ को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।
नीरज पांडे का बयान
बता दें, नीरज पांडे ने भी इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर कर सफाई दी है। उन्होंने अपने बयान में कहा, यह फिल्म एक काल्पनिक पुलिस ड्रामा है। उन्होंने बताया कि 'पंडित' शब्द का इस्तेमाल सिर्फ एक काल्पनिक किरदार के अनौपचारिक नाम के तौर पर किया गया है। फिल्म की कहानी किसी व्यक्ति के कर्म और फैसलों पर आधारित है। इसका उद्देश्य किसी भी जाति, धर्म या समुदाय पर टिप्पणी करना नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि वह अपने हर प्रोजेक्ट को जिम्मेदारी और सम्मान के साथ बनाते हैं।












Click it and Unblock the Notifications