मनोरंजन जगत से 24 घंटे के अंदर दूसरी बुरी खबर, एक्ट्रेस मनीषा यादव का निधन
नई दिल्ली, 2 अक्टूबर: मनोरंजन जगत के लिए साल 2021 भी काफी बुरा जा रहा है। शनिवार सुबह खबर आई कि हास्य अभिनेता उमर शरीफ का जर्मनी में निधन हो गया। लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे ही रहे थे कि एक और बुरी खबर टीवी इंडस्ट्री से आ गई, जहां एक्ट्रेस मनीषा यादव का निधन हो गया। वैसे उनके निधन का सही कारण अभी तक नहीं पता चल पाया है, लेकिन उनके करीबी ब्रेन हैमरेज को वजह बता रहे हैं।

देर से जानकारी मिली
मनीषा का निधन एक अक्टूबर को ही हो गया था, लेकिन परिवार के अलावा किसी को पता नहीं चला। शनिवार को निधन की पुष्टि मनीषा यादव की को-स्टार रहीं परिधि शर्मा ने की। उन्होंने उनकी तस्वीर इंस्टाग्राम स्टोरी पर डालकर लिखा कि ये खबर दिल तोड़ने वाली है। RIP मनीषा यादव। इसके बाद से टीवी और फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है। मनीषा के निधन पर कई बड़ी हस्तियों ने दुख व्यक्त किया है।

व्हॉट्सएप ग्रुप से पता चला
परिधि के मुताबिक उनका शो जब ऑफ एयर हुआ, तो उसके बाद मनीषा की उनसे ज्यादा बात नहीं हुई। वो 'जोधा अकबर' के व्हॉट्सएप ग्रुप से जुड़ी थीं। वहीं पर एक शख्स ने जानकारी दी कि एक्ट्रेस का निधन हो गया है। जिसे देखकर वो शॉक्ड रह गईं। उन्होंने कहा कि मेरी बात मनीषा से आखिरी बार कब हुई थी, ये मुझे याद नहीं है, लेकिन जिस ग्रुप में वो लोग जुड़े थे उसमें उनकी चर्चा हो जाया करती थी।

एक साल का है बेटा
मनीषा ने टीवी के पॉपुलर शो 'जोधा अकबर' में सलीमा बेगम की भूमिका निभाई थी। निधन की खबर मिलने के बाद लोगों ने उनका सोशल मीडिया हैंडल देखा तो पता चला कि उनका एक बेटा है। कुछ दिनों पहले ही उन्होंने उसका जन्मदिन मनाया था। उस दिन की फोटो को ट्विटर पर डालते हुए मनीषा ने लिखा कि हैप्पी फर्स्ट बर्थडे मेरे बेबी। मेरे छोटे बेबी आप मेरी लाइफ में एक लाइट की तरह आए हो, जब मैं मुश्किल वक्त से गुजर रही थी। मैं खुद को खुशनसीब मानती हूं कि मैं आपकी मम्मी बनी, आई लव यू सो मच।

उमर शरीफ भी थे बीमार
वहीं मशहूर कॉमेडियन उमर शरीफ का भी निधन हो गया। वो 66 साल के थे। उमर काफी समय से गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे। उनको इलाज के लिए जर्मनी ले जाया गया, जहां शनिवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। वैसे तो उमर पाकिस्तान के रहने वाले थे, लेकिन वो भारत में भी काफी मशहूर थे। अक्सर वो कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के लिए यहां आया करते थे।












Click it and Unblock the Notifications