'मेरी एक्टिंग नहीं, मेरी सेक्स अपील को दिया क्रेडिट', 'रंगीला' के 27 साल बाद बोलीं उर्मिला मातोंडकर
मुंबई, 30 जनवरी: बॉलीवुड एक्ट्रेस उर्मिला मातोंडकर ने आज चाहे फिल्मों से दूरी बनाकर राजनीति में एंट्री कर ली है, लेकिन कभी 90 के दशक की उर्मिला सबसे सक्सेस एक्ट्रेसेज में शुमार थीं। उन्होंने अपने फिल्मी करियर में कई अच्छी और हिट फिल्में दी है, जिसमें 'रंगीला' का नाम सबसे ऊपर आता है, वो ही 'रंगीला' जिसमें उर्मिला आमिर और जैकी श्रॉफ के साथ नजर आईं थी। हाल ही में उर्मिला मातोंडकर ने एक इंटरव्यू में दिया है, जिसमें उन्होंने कई धमाकेदार बयान दिए हैं। आखिर क्या कहा उर्मिला मातोंडकर ने पढ़िए पूरी खबर...

'श्रेय मेरे अभिनय को नहीं, मेरी सेक्स अपील'
साल 1995 में रिलीज हुई रंगीला बड़े पर्दे पर बड़ी हिट साबित हुई थी। वहीं हाल ही में एक इंटरव्यू में उर्मिला मातोंडकर ने उस दौरान की बात को ताजा करते हुए कहा कि 'रंगीला' में उनके परफॉर्मेंस को एक्टिंग के लिए श्रेय नहीं दिया गया था। उर्मिला के मुताबिक 'रंगीला' की कामयाबी का श्रेय मेरे अभिनय को नहीं, मेरी सेक्स अपील को दिया गया था। उन्होंने फिल्म में एक महत्वाकांक्षी एक्टर की भूमिका निभाई, जिसमें आमिर खान और जैकी श्रॉफ भी थे।

'सेक्सी दिखने के लिए भी अभिनय की जरूरत'
टाइम्स ऑफ इंडिया को दिए अपने इंटरव्यू में उर्मिला ने कहा कि सेक्सी दिखने के लिए भी अभिनय की जरूरत होती है और सवाल किया कि क्या सिर्फ इंटेंस इमोशनल सीन को ही एक्टिंग मानी जाती है। उन्होंने यह भी बताया कि कैसे रंगीला की सक्सेस के बाद भी क्रिटिक्स ने उनके बारे में भद्दी बातें लिखीं थी।

'अभिनय से कोई लेना-देना नहीं'
उर्मिला ने बताया कि 'रंगीला' के बाद लोगों ने कहा कि मैंने जो कुछ भी किया वह सेक्स अपील के बारे में था और अभिनय से कोई लेना-देना नहीं था।एक्ट्रेस ने आगे कहा कि सॉन्ग 'हाय रामा' एक परफॉर्मर के बिना कैसे हो सकता है? क्या आंसू झकझोर देने वाला सीन करना सिर्फ एक्टिंग है? सेक्सी अपीयर भी एक्टिंग की मांग करता है। मैं फिल्म में मिस नथिंग का किरदार नहीं निभा रही थी। गर्ल-नेक्स्ट-डोर का मेरा किरदार फिल्म के हर गाने से बदल जाता है, जिसे क्रिटिक्स नहीं समझ पाए।

'एक भी 'सभ्य शब्द' नहीं लिखा गया'
उर्मिला ने कहा कि रंगीला की जबदस्त सफलता के बावजूद उनके बारे में एक भी 'सभ्य शब्द' नहीं लिखा गया था और सारा श्रेय उनके कपड़ों से लेकर उनके बालों तक को दिया गया, लेकिन उनके परफॉर्मेंस को नहीं दिया गया। एक्ट्रेस ने आगे कहा कि जिन लड़कियों ने 13 फ्लॉप फिल्में दीं, जिन लड़कियों के बारे में कहा जाता था कि वे 'लड़कों' की तरह दिखती हैं, उनके बारे में कुछ भी नहीं है, हीरो के साथ डबल मीनिंग गाने करने वाली लड़कियों को एक्ट्रेसस माना जाता था, लेकिन मेरे लिए कैमरे के सामने रहना एक आध्यात्मिक अनुभव था। मेरे लिए आशा भोंसले और लता मंगेशकर का गाना अपने आप में एक जीत थी। मुझे अवॉर्ड की जरूरत नहीं थी।

चाइल्ड आर्टिस्ट के तौर भी की थी शुरुआत
आपको बता दें कि उर्मिला ने अपने करियर की शुरुआत एक चाइल्ड आर्टिस्ट के रूप में कर्म और मासूम जैसी फिल्मों से की थी। बाद में उन्होंने जुदाई, सत्या, प्यार तूने क्या किया, भूत और एक हसीना थी जैसी फिल्मों में एक्टिंग की। उनको आखिरी बार इरफान खान और कीर्ति कुल्हारी-स्टारर ब्लैकमेल में एक स्पेशल सॉन्ग में देखा गया था।












Click it and Unblock the Notifications