BMC Elections 2026: धर्मेंद्र के निधन के बाद हेमा मालिनी ने निभाया लोकतांत्रिक फर्ज, कही ये बड़ी बात
BMC Elections 2026: महाराष्ट्र की 29 महानगरपालिकाओं के चुनाव आज यानी 15 जनवरी 2026 (गुरुवार) को सुबह 7:30 बजे से शुरू हो चुके हैं। लोकतंत्र के इस बड़े पर्व में आम मतदाताओं के साथ-साथ बॉलीवुड और टीवी जगत की नामचीन हस्तियां भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती नजर आ रही हैं।
महाराष्ट्र में हो रहा बीएमसी चुनाव (BMC Election)
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार राज्यभर में इन चुनावों के लिए 2,869 सीटों पर मतदान हो रहा है। 15,908 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। 3 करोड़ 48 लाख 79 हजार 337 मतदाताओं के लिए 39,092 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

सेलेब्स की वोटिंग से सोशल मीडिया पर हलचल
जैसे ही मतदान शुरू हुआ, मुंबई सहित कई शहरों से सेलेब्रिटीज के वोट डालते हुए वीडियो और तस्वीरें सामने आने लगीं। इन तस्वीरों में सबसे ज्यादा ध्यान खींचा हेमा मालिनी की मौजूदगी ने, जिनका हाल ही में जीवन एक बड़े निजी शोक से गुजरा है।
धर्मेंद्र के निधन के बाद पहली बड़ी सार्वजनिक मौजूदगी
24 नवंबर 2025 को दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के निधन के बाद ये उनकी दूसरी पत्नी हेमा मालिनी की पहली बड़ी सार्वजनिक उपस्थिति मानी जा रही है। निजी दुख और भावनात्मक कठिन दौर के बावजूद उनका मतदान केंद्र तक पहुंचना लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है।
'मुंबई को बेहतर बनाना हम सबकी जिम्मेदारी है'
-वोट डालने के बाद हेमा मालिनी ने मुंबईवासियों से भावुक अपील की है। हेमा मालिनी ने कहा- मैं सभी नागरिकों से आग्रह करती हूं कि वह घर से बाहर निकलें और वोट करें। अगर हम मुंबई में सुरक्षा, विकास, साफ हवा और गड्ढा-मुक्त सड़कें चाहते हैं, तो ये हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।
-हेमा मालिनी ने आगे कहा- अपने मताधिकार का इस्तेमाल करके ही हम इस शहर को, जिसे मैं दुनिया के सबसे अच्छे शहरों में मानती हूं और बेहतर बना सकते हैं। उनके शब्दों और मौजूदगी ने ये साफ कर दिया है कि निजी दुख के बावजूद लोकतांत्रिक कर्तव्य सबसे ऊपर है।
दिव्या दत्ता ने भी निभाया फर्ज
बीएमसी चुनावों में वोट डालने के बाद अभिनेत्री दिव्या दत्ता ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा- वोट देना सिर्फ हमारा अधिकार नहीं बल्कि जिम्मेदारी भी है। हमें प्रदूषण, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं जैसे मुद्दों पर गंभीरता से सोचना चाहिए। सही नेता वही होगा जो मुंबई के लोगों की वास्तविक समस्याओं को समझे।
वोट डालने के बाद क्या बोले अक्षय कुमार?
मुंबई में वोट देने वाले सेलेब्रिटिज की लिस्ट में अक्षय कुमार नंबर वन रहे, जिन्होंने वोट देने के बाद कहा- आज BMC के लिए वोटिंग हो रही है। मुंबईकर होने के नाते, आज रिमोट कंट्रोल हमारे हाथ में है। मैं मुंबई के सभी लोगों से अपील करता हूं कि बड़ी संख्या में बाहर निकलें और वोट डालें। अगर हमें मुंबई का असली हीरो बनना है, तो डायलॉगबाजी नहीं करनी चाहिए बल्कि बाहर निकलकर वोट डालना चाहिए।
क्यों खास है BMC चुनाव?
-इन चुनावों को मुंबई और महाराष्ट्र के शहरी भविष्य के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। इस बार मतदाताओं के प्रमुख मुद्दों में ट्रैफिक और इंफ्रास्ट्रक्चर, प्रदूषण और स्वच्छता, रोजगार और नागरिक सुविधाएं शामिल हैं।
-जहां एक ओर आम जनता लोकतंत्र में अपनी भागीदारी निभा रही है, वहीं धर्मेंद्र के निधन के बाद भी हेमा मालिनी का मतदान के लिए बाहर आना ये संदेश देता है कि लोकतंत्र और कर्तव्य निजी दुख से भी ऊपर होते हैं। सेलेब्रिटीज की ये भागीदारी न केवल वोटिंग प्रतिशत बढ़ाने में मदद कर रही है बल्कि आम लोगों को भी प्रेरित कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications