अक्षय की बच्चन पांडे से RRR तक, इस महीने रिलीज होंगी बॉलीवुड, हॉलीवुड और साउथ ये बड़ी फिल्में
अक्षय की बच्चन पांडे से RRR तक, इस महीने रिलीज होंगी बॉलीवुड, हॉलीवुड और साउथ ये बड़ी फिल्में
मुंबई, 1 मार्च: आज से मार्च का महीना शुरू हो गया है, इस महीने कई बड़ी फिल्में रिलीज हो रही हैं। बीते कई महीने से कोरोना के चलते बंद सिनेमाघर अब खुल गए हैं। वहीं इसी महीने होली जैसा बड़ा त्योहार भी है। ऐसे में कई बड़े स्टार की बिग-बजट फिल्में इस महीने रिलीज होने जा रही हैं। इसमें बॉलीवुड और साउथ की फिल्मों का तो दर्शकों को इंतजार है ही, कई हॉलीवुड फिल्मों पर भी सिनेप्रेमियों की निगाहें हैं।

अमिताभ बच्चन की झुंड, संजय की तुलसीदास जूनियर
स्टार एक्टर अमिताभ बच्चन की फिल्म 'झुंड' इस महीने के पहले शुक्रवार को सिनेमाघरों में आ रही है। मराठी निर्देशक नागराज मंजुले की झुंड का काफी समय से इंतजार किया जा रहा था। अब 4 मार्च को ये फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज होगी। 4 मार्च को ही संजय दत्त की तुलसीदास जूनियर भी रिलीज हो रही है।

प्रभास की राधे श्याम
बाहुबली से घर-घर में लोकप्रिय हो चुके प्रभास की फिल्म राधे श्याम 11 मार्च को रिलीज होगी। फिल्म में प्रभास के साथ पूजा हेगड़े का मुख्य रोल है। इस फिल्म में 70 के दशक की कहानी दिखाई गई है।

अक्षय, कृति की बच्चन पांडे
बच्चन पांडे 18 मार्च को यानि इस होली पर रिलीज होगी। फिल्म में अक्षय कुमार के साथ कृति सेनन, अरशद वारसी, प्रतीक बब्बर भी नजर आएंगे। फिल्म का ट्रेलर रिलीज किए जाने के बाद से ही इसका इंतजार किया जा रहा है।

आरआरआर का सबको इंतजार
एसएस राजामौली निर्देशित आरआरआर को साल की सबसे बड़े बजट की फिल्म कहा जा हा है। इसमें जूनियर एनटीआर, रामचरन जैसे बड़े स्टार हैं। वहीं आलिया भट्ट और अजय देवगन भी इस फिल्म के साथ साउथ सिनेमा में डेब्यू कर रहे हैं। जनवरी में इस फिल्म की रिलीज को कोरोना के चलते टाल दिया था। अब ये फिल्म 25 मार्च को रिलीज होगी।

नो टाइम टू डाई, द बैटमैन
जेम्स बॉन्ड फ्रैंचाइजी की 25वीं फिल्म नो टाइम टू डाई, 4 मार्च से अमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज होगी। इस फिल्म में डेनियल क्रेग एजेंट 007 के रूप में हैं। 4 मार्च को ही बहुप्रतीक्षित द बैटमैन भी रिलीज की जा रही है। इसमें रॉबर्ट पैटिनसन कैप्ड क्रूसेडर की भूमिका निभा रहे हैं।

मरहूम पुनीत राजकुमार की जेम्स भी होगी रिलीज
दुनिया को अलविदा कह चुके कन्नड़ स्टार पुनीत राजकुमार की जेम्स 17 मार्च को सिनेमाघरों में प्रदर्शित होने के लिए तैयार है, जो उनकी पहली जयंती भी है। इस फिल्म में पुनीत एक सैनिक की भूमिका में हैं। पुनीत का बीते साल अक्टूबर में हार्टअटैक से निधन हो गया था।












Click it and Unblock the Notifications