जाते-जाते चाहने वालों को हंसा गए 'भाबीजी घर पर हैं' के मलखान, आखिरी Video देख लोग नहीं रोक पाए आंसू
जाते-जाते चाहने वालों को हंसा गए 'भाबीजी घर पर हैं' के मलखान, आखिरी Video देख लोग नहीं रोक पाए आंसू
मुंबई, 24 जुलाई: 'भाबीजी घर पर हैं' के शानदार टेलीविजन अभिनेता दीपेश भान का निधन हो गया है। 'भाबीजी घर पर हैं' के मलखान का किरदार निभाने वाले दीपेश भान के निधन से उनके फैंस और टीवी जगत को बड़ा झटका लगा है। 41 साल की उम्र में दीपेश भान का चले जाना टीवी जगत के कलाकारों के लिए शॉकिंग है। सेलेब्स से लेकर फैंस तक दीपेश भान के जाने से बहुत दुखी हैं, इसी बीच दीपेश भान इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया आखिरी वीडियो वायरल हो रहा है। दीपेश भान जाते-जाते अपने फैंस को हंसा तो गए लेकिन उनका आखिरी वीडियो लोगों की आंखों में आंसू भी ले आया है।

दीपेश भान का आखिरी वीडियो वायरल
दीपेश भान सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं और अपने फैंस से जुड़े रहते हैं। दीपेश भान हमेशा सोशल मीडिया पर लोगों को हंसाने वाले कंटेंट को डालते थे। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर कई ऐसे पोस्ट शेयर भी किए हैं। दीपेश भान की आखिरी पोस्ट चार दिन पहले की है, जहां वह एक कॉमेडी वीडियो कर रहे हैं। दीपेश के निधन के बाद अब ये पोस्ट बहुत वायरल हो गई है।

दीपेश आखिरी वीडियो में फैंस को दे रहे हैं ज्ञान!
अपने खास अंदाज में फैंस को एंटरटेन करने के लिए आखिरी वीडियो में लिप सिंक करते दीपेश भान नजर आ रहे हैं। जिसमें वो फैंस को खास ज्ञान दे रहे हैं। तब दीपेश को कहां पता था कि ये उनका आखिरी वीडियो बन जाएगा।
दीपेश लिप सिंक रील वीडियो में बोल रहे हैं, '' दो औरतें अगर खुसर-पुसर कर रही हो तो ये समझ जाइए डाटा ट्रांसफर हो रहा है...।और जब ये बोल दें कि हटाओ बहन हमको क्या लेना है तो समझ जाइए डाटा सेव हो गया है और वायरल होने के लिए तैयार है।''

मलखान वीडियो देख, लोग हंस भी रहे हैं, रो भी रहे हैं...
इस वीडियो को शेयर करते हुए दीपेश भान ने कैप्शन लिखा था, ''मलखान ने क्या ज्ञान दे दिया...भगवान भला करे...।'' मलखान का ये वीडियो इंटरनेट पर खूब वायरल हो रहा है। इस वीडियो को देख लोग हंस भी रहे हैं और रो भी रहे हैं। सोशल मीडिया यूजर का कहना है कि वीडियो देख हंसी तो आ रही है लेकिन आंसू भी नहीं थम रहे हैं...क्योंकि ये दीपेश का आखिरी वीडियो है।

वीडियो के नीचे कमेंट की आई बाढ़
इस वीडियो पर 27 हजार से ज्यादा लाइक्स हैं और हजारों लोगों के कमेंट भी हैं। वीडियो पर RIP लोग लगातार कमेंट कर रहे हैं। सैंकड़ों लोगों ने लिखा है कि आपकी बहुत याद आएगी मलखान। एक यूजर ने लिखा, मुझे अभी तक यकीन नहीं हो रहा है कि आप हम लोगों को छोड़कर इतनी जल्दी चले गए। ये स्वीकार करने जैसा नहीं है। एक यूजर ने लिखा, मुझे तो खबरों पर यकीन नहीं हो रहा है कि आप इस दुनिया में नहीं हैं। कई यूजर ने उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है।

'भाबीजी घर पर हैं' के सभी कलाकार दुखी
भाबीजी घर पर हैं में अपने चरित्र मलखान के लिए लोकप्रिय चरित्र से दीपेश लोगों के दिलों में बस गए थे। भाबीजी घर पर हैं की टीम ने बयान में कहा, ''हमारे प्यारे दीपेश भान के आकस्मिक निधन से गहरा दुख और सदमा पहुंचा है। शो के सबसे समर्पित अभिनेताओं में से एक और हमारे परिवार की तरह वो थे। वह सभी को बहुत याद आएंगे। उनके परिवार के प्रति हमारी हार्दिक संवेदना हैं। उनकी आत्मा को शाश्वत शांति मिले। ईश्वर उनके परिवार को इस अपार क्षति से उबरने की शक्ति दे।''

कैसे हुई दीपेश भान की मौत?
दीपेश भान की मौत कैसे हुई? यह एक बड़ा सवाल है। भाबीजी घर पर हैं में 'तिवारी जी' का रोल निभा रहे रोहिताश गौर ने मीडिया को बताया कि 23 जुलाई की सुबह दीपेश क्रिकेट खेलने गए थे। उनकी शूटिंग देर से होनी थी इसलिए वह जिम में वर्कआउट करने के बाद सीधे क्रिकेट खेलने चले गए। क्रिकेट खेलने के दौरान ही वह अचानक नीचे गिर गए। फौरन उन्हें वहां से अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वहीं शो में भाबी जी का किरदार निभा रहीं शुभांगी अत्रे ने बताया है कि दीपेश की मौत ब्रेन हेमरेज से हुई थी।












Click it and Unblock the Notifications