VIDEO: इंडियन आइडल के सेट पर पहुंचे 'बचपन का प्यार' फेम सहदेव, इस कंटेस्टेंट के साथ गाएंगे गाना
नई दिल्ली, 5 अगस्त: अगर आप इंस्टाग्राम, फेसबुक और यूट्यूब के रील सेगमेंट में जाएं, तो आपको 'बचपन का प्यार' वाले गाने का वीडियो जरूर देखने को मिल जाएगा। ये गाना इतना ज्यादा वायरल हो रहा है कि अब छत्तीसगढ़ के छोटे से गांव में रहने वाले सहदेव दिरदो बॉलीवुड में एंट्री कर चुके हैं। कुछ दिनों पहले रैपर बादशाह ने उनके साथ गाना गाने की बात कही थी, तो वहीं अब वो इंडियन आइडल में भी नजर आएंगे। (वीडियो-नीचे)
Recommended Video

सभी ने किया डांस
सहदेव के टैलेंट को देखते हुए इंडियन आइडल के मेकर्स ने उन्हें सेट पर बुलाया। इसका एक वीडियो शो के होस्ट आदित्य नारायण ने शेयर किया है। वीडियो में आप देख सकते हैं कि शो के कंटेस्टेंट्स और जज सहदेव के साथ 'बचपन का प्यार' गाने पर डांस करते नजर आ रहे हैं। वीडियो पोस्ट करते हुए आदित्य ने लिखा कि बचपन का प्यार वाले क्यूट सहदेव इंडियन आइडल की टीम के साथ। इसके साथ ही उन्होंने सारे कंटेस्टेंट्स और जज को टैग किया।

4 घंटे में 4 लाख व्यूज
वहीं दूसरी ओर वीडियो पोस्ट होते ही सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जहां उस पर चार घंटे में चार लाख से ज्यादा व्यूज आ गए। इसके अलावा 1 लाख से ज्यादा लोगों ने इसे लाइक किया है। हालांकि अभी आदित्य ने ये नहीं बताया कि ये एपिसोड किस दिन प्रसारित होगा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सहदेव पवनदीप के साथ इस वीकेंड परफॉर्म कर सकते हैं।

बादशाह ला रहे नया गाना
बचपन का प्यार गाना जब वायरल हुआ तो सबसे पहले रैपर बादशाह ने सहदेव को खोजा। इसके बाद उन्होंने उनसे वीडियो कॉल के जरिए बात की। साथ ही वादा किया कि वो उनके साथ मिलकर एक गाना गाएंगे। दो दिन पहले बादशाह ने एक फोटो सोशल मीडिया पर शेयर की, जिसमें वो सहदेव के साथ नजर आ रहे थे। फोटो के साथ उन्होंने लिखा कि 'बचपन का प्यार' जल्द आ रहा है।

परिवार है गरीब
आपको बता दें कि सहदेव छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले का रहने वाला है, जो दशकों से नक्सल प्रभावित है। दो साल पहले क्लास के दौरान उनके टीचर ने गाना सुनाने को कहा, जिस पर सहदेव ने 'बचपन का प्यार' गा दिया। उस दौरान तो उस पर किसी ने ध्यान नहीं दिया, लेकिन हाल ही में वो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ।
ना फोन है ना टीवी
सहदेव के मुताबिक उसके परिवार की आर्थिक हालत ठीक नहीं है, जिस वजह से ना तो उसके घर में फोन था और ना ही टीवी। एक बार उसने ये गाना कहीं पर सुना था, वहीं से उसे याद हो गया। उसके बाद वो उसे गुनगुनाता रहता था, जब स्कूल में टीचर ने गाना सुनाने को कहा था, तो जल्दबाजी में उन्होंने वही गा दिया।












Click it and Unblock the Notifications