Anirudh Ravichander के पास है कितनी दौलत? फिल्म के म्यूजिक के लिए लेते हैं करोड़ों, काव्या मारन से होगी शादी?
Anirudh Ravichander Net Worth: संगीत की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाने वाले अनिरुद्ध रविचंदर इन दिनों काव्या मारन के साथ शादी की खबरों को लेकर चर्चा में हैं। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि दोनों 11 नवंबर 2026 को शादी के बंधन में बंध सकते हैं। हालांकि इस बारे में अभी तक दोनों की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। निजी जिंदगी की इन चर्चाओं के बीच आइए जानते हैं कि अनिरुद्ध रविचंदर ने अपने म्यूजिक करियर से कितनी संपत्ति जुटाई है और एक फिल्म के लिए कितनी फीस लेते हैं।
अनिरुद्ध रविचंदर की नेटवर्थ कितनी है?
अनिरुद्ध रविचंदर आज साउथ सिनेमा के सबसे चर्चित और डिमांड में रहने वाले म्यूजिक कंपोजर्स में गिने जाते हैं। उनकी धुनों और गानों का जादू केवल तमिल फिल्मों तक सीमित नहीं है बल्कि हिंदी समेत दूसरी भाषाओं के दर्शकों के बीच भी उनकी अच्छी पॉपुलैरिटी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अनिरुद्ध रविचंदर की कुल संपत्ति करीब 50 करोड़ रुपये है।

कैसे होती है अनिरुद्ध रविचंदर की कमाई?
-अनिरुद्ध रविचंदर की कमाई का बड़ा हिस्सा फिल्मों के संगीत, बैकग्राउंड स्कोर और म्यूजिक प्रोजेक्ट्स से आता है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार अनिरुद्ध एक फिल्म के म्यूजिक और बैकग्राउंड स्कोर के लिए लगभग 8 से 10 करोड़ रुपये तक फीस लेते हैं।
-मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार निर्देशक लोकेश कनकराज और अल्लू अर्जुन की आने वाली फिल्म के लिए उन्हें 25 करोड़ रुपये तक की भारी फीस ऑफर होने की चर्चा है। हालांकि उनकी वास्तविक संपत्ति और किसी खास प्रोजेक्ट के लिए ली जाने वाली फीस की आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक रूप से उपलब्ध नहीं है।
पढ़ाई में भी आगे रहे हैं अनिरुद्ध रविचंदर
-अनिरुद्ध रविचंदर का जन्म चेन्नई, तमिलनाडु में हुआ था। वह एक्टर रवि राघवेंद्र और क्लासिकल डांसर लक्ष्मी के बेटे हैं। पारिवारिक रिश्ते की बात करें तो वह सुपरस्टार रजनीकांत के भांजे लगते हैं। हालांकि अनिरुद्ध ने अपनी पहचान केवल फिल्मी परिवार से जुड़े होने के कारण नहीं बल्कि अपनी संगीत प्रतिभा के दम पर बनाई है।
-अनिरुद्ध ने चेन्नई के लोयोला कॉलेज से ग्रेजुएशन किया। म्यूजिक में अपनी रुचि को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने लंदन के ट्रिनिटी कॉलेज ऑफ म्यूजिक से पियानो की ट्रेनिंग ली। इसके अलावा उन्होंने साउंड इंजीनियरिंग में डिप्लोमा भी हासिल किया। उनकी पढ़ाई और संगीत की तकनीकी समझ ने उन्हें कंपोजिशन के क्षेत्र में अपनी अलग शैली विकसित करने में मदद की।
'वाए दिस कोलावेरी डी' गाने ने अनिरुद्ध को रातोंरात बना दिया स्टार
-अनिरुद्ध रविचंदर के करियर का बड़ा मोड़ साल 2012 में आया था, जब उन्होंने तमिल फिल्म '3' से म्यूजिक कंपोजर के तौर पर शुरुआत की थी। इस फिल्म की डायरेक्टर उनकी कजिन ऐश्वर्या रजनीकांत थीं। फिल्म का गाना 'वाए दिस कोलावेरी डी' रिलीज होते ही जबरदस्त पॉपुलर हो गया था। इसकी अनोखी धुन और अलग अंदाज ने इसे युवाओं के बीच खासा चर्चित बना दिया था। इस गाने ने अनिरुद्ध को कम समय में बड़ी पहचान दिलाई।
-इसके बाद अनिरुद्ध रविचंडर ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। धनुष की फिल्म 'वेलैइल्ला पट्टाधारी' और थलपति विजय की 'कथ्थी' जैसी फिल्मों में उनके संगीत को खूब पसंद किया गया। धीरे-धीरे अनिरुद्ध साउथ फिल्म इंडस्ट्री के बड़े प्रोजेक्ट्स के लिए पहली पसंद बनते चले गए।
रजनीकांत से शाहरुख खान तक, बड़े स्टार्स के साथ किया काम
-अपने करियर में अनिरुद्ध रविचंदर ने कई बड़े स्टार्स की फिल्मों के लिए म्यूजिक तैयार किया है। रजनीकांत, कमल हासन, शाहरुख खान, अजित कुमार, सूर्या, पवन कल्याण और नानी जैसे कलाकारों की फिल्मों से उनका नाम जुड़ चुका है। उनके म्यूजिक में एनर्जी, आकर्षक बीट्स और आधुनिक साउंड का मेल देखने को मिलता है, जो युवाओं के बीच खासा लोकप्रिय है।
-अनिरुद्ध रविचंदर ने हिंदी सिनेमा में भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है। उनकी लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उनके गाने और बैकग्राउंड स्कोर अक्सर फिल्मों की चर्चा का अहम हिस्सा बन जाते हैं। हाल ही में वह निर्देशक नेल्सन दिलीपकुमार की फिल्म 'जेलर 2' के लिए भी संगीत तैयार करने को लेकर चर्चा में रहे हैं।
काव्या मारन से शादी की खबरों ने खींचा ध्यान
-इन दिनों अनिरुद्ध रविचंदर की निजी जिंदगी को लेकर भी अटकलें लगाई जा रही हैं। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि आईपीएल टीम सनराइजर्स हैदराबाद की सीईओ काव्या मारन और अनिरुद्ध रविचंदर आगामी 11 नवंबर 2026 को शादी कर सकते हैं। इस खबर के सामने आने के बाद दोनों के रिश्ते को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
-हालांकि अभी तक अनिरुद्ध या काव्या मारन की ओर से शादी की तारीख या फिर रिश्ते को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। ऐसे में इन खबरों को फिलहाल मीडिया रिपोर्ट्स और अटकलों के तौर पर ही देखा जाना चाहिए।


Click it and Unblock the Notifications
