Allu Arjun Arrest: संध्या थिएटर भगदड़ मामले में अल्लू अर्जुन गिरफ्तार, पुलिस ने की पुष्टि; जानें हर अपडेट
Allu Arjun Arrest: पुष्पा 2 ने बॉक्स ऑफिस पर सफलता के झंडे गाड़ दिए हैं। फिल्म ने दुनियाभर से 1100 करोड़ रुपए से ज्यादा की कमाई कर ली है। इसी बीच अल्लू अर्जुन को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है। शुक्रवार 13 दिसंबर की सुबह चिक्कड़पल्ली पुलिस ने अल्लू के हैदराबाद स्थित घर से गिरफ्तार कर लिया है।
दरअसल, संध्या थिएटर में पुष्पा-2 के प्रीमियर के दौरान भगदड़ मची थी। इसमें एक महिला की मौत हो गई थी। वहीं, उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया था। इसी मामले में संध्या थिएटर के प्रबंधन, अल्लू अर्जुन और उनकी सुरक्षा टीम के खिलाफ मामला दर्ज हुआ था। पुलिस ने इसी मामले में करीब 8 दिन बाद एक्शन लिया है। न्यूज एजेंसी एएनआई से चिक्कड़पल्ली पुलिस स्टेशन के ACP एल रमेश कुमार ने अल्लू अर्जुन की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। वहीं, अल्लू के वकील ने हाई कोर्ट से इस मामले में अर्जेंट सुनवाई की अपील की है।

डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस का बयान
एफआईआर दर्ज करते समय, हैदराबाद पुलिस के सेंट्रल जोन के डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस अक्षांश यादव ने को बताया था, "मृतक के परिवार के सदस्यों की शिकायत के आधार पर चिक्कड़पल्ली पुलिस स्टेशन में बीएनएस सेक्शन 105 (गैर इरादतन हत्या के लिए सजा) और 118 (1) आर/डब्ल्यू 3 (5) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना या गंभीर चोट पहुंचाना) के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच की जा रही है। थिएटर के अंदर अराजक स्थिति के लिए जिम्मेदार सभी लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई और अन्य घायल हो गए।"
बिना सूचना के पहुंचे थे अल्लू
बता दें, पुष्पा 2 की प्रीमियर के दौरान संध्या थिएटर में बिना पुलिस को सूचना दिए अल्लू अर्जुन पहुंचे थे। उन्हें देखने के लिए भीड़ बेकाबू हो गई, जिससे भगदड़ मच गई थी। इसी घटना में रेवती नाम की महिला की मौत हो गई थी। वहीं, उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया था। घटना की जानकारी मिलते ही अल्लू ने महिला के परिवार के प्रति संवेंदना जताते हुए, 25 लाख रुपए की आर्थिक मदद का वादा किया था।












Click it and Unblock the Notifications