Kesari 2: अक्षय कुमार की 'केसरी 2' देख इस एक्ट्रेस के पति ने मांगा नेशनल अवॉर्ड, फिर शेयर किया रिव्यू
Kesari 2: 18 अप्रैल को अक्षय कुमार और आर. माधवन की 'केसरी: चैप्टर 2' को आलोचकों की प्रशंसा मिल चुकी है। नई दिल्ली में आयोजित एक विशेष स्क्रीनिंग में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी सहित कई लोग शामिल हुए। जिन्होंने फिल्म की खूब तारीफ की। फिल्म में अक्षय कुमार वकील सी. शंकरन नायर की भूमिका में हैं। जिन्होंने अदालत में अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई लड़ी और उनके अत्याचारों को चुनौती दी।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने फिल्म देखने के लिखा, "देशभक्ति, बहादुरी और बलिदान की भावना को फिल्म 'केसरी: चैप्टर 2' में बहुत ही प्रभावशाली और मार्मिक ढंग से पेश किया गया है। हर सीन गर्व और प्रेरणा से भरा है। अक्षय कुमार, आर. माधवन और पूरी टीम को फिल्म के लिए शुभकामनाएं।" उनके शब्द उस भावनात्मक प्रभाव और देशभक्ति के जोश को रेखांकित करते हैं जिसे 'केसरी 2' अपने दर्शकों के बीच जगाना चाहती है।

केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने भी अपनी भावनाएं साझा करते हुए कहा, "स्वतंत्रता संग्राम में एक बड़ा मोड़ बने जलियांवाला बाग हत्याकांड में शहीद हुए देशभक्तों और अंग्रेज़ों की क्रूरता के अलावा एक और पहलू है, जिसे पूरी तरह अंधेरे में डाल दिया गया था। केसरी चैप्टर 2 फिल्म दर्शक को 106 वर्ष पूर्व हुए इस नरसंहार का मानो साक्षी बना देती है.....कोई भी दर्शक अपने आंसुओं के सैलाब को रोक नहीं पाएगा। दिल्ली में हुई स्पेशल स्क्रीनिंग में विभिन्न गणमान्य व्यक्तियों संग फिल्म को देखकर भावुक भी हुआ और 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' को मजबूती देती बैरिस्टर शंकरन नायर की कहानी देखकर गर्व भी हुआ। देश के साथ खड़े होने का उनका बुलंद जज्बा, आज़ादी की लड़ाई की यह प्रेरणा आज विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत बनी हुई है।"
इसके अलावा, अक्षय कुमार के साथ काम कर चुकी एक्ट्रेस असिन के पति राहुल शर्मा ने फिल्म की तारीफ की है। उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, "हम सभी ने इतिहास की किताबों में जलियांवाला बाग के बारे में पढ़ा है, लेकिन कोई भी आपको उस सच्चाई के लिए तैयार नहीं कर सकता है जो मैंने आज 'केसरी 2' की विशेष स्क्रीनिंग में देखी। मैं शब्दों में व्यक्त नहीं कर सकता कि मैं कितना भावुक हो गया हूं। यह एक बेहतरीन फिल्म है, जो राष्ट्रीय पुरस्कार की हकदार है। अक्षय कुमार और आर. माधवन ने जबरदस्त काम किया है।"
'केसरी 2' में अक्षय कुमार, आर माधवन, अनन्या पांडे और अमित सियाल लीड रोल में हैं। फिल्म की फैंस स्क्रीनिंग भी हुई थी। जिसमें फैंस ने भी खूब तारीफें की हैं। 18 अप्रैल को रिलीज होने वाली इस फिल्म को जबरदस्त बज बना हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications