लगातार फ्लॉप हो रही फिल्मों पर अक्षय कुमार ने तोड़ी चुप्पी, बोले- 'अब बदलने का वक्त है...'
बीते कुछ सालों में लगातार फ्लॉप हो रही फिल्मों को लेकर अक्षय कुमार ने बयान दिया है। एक्टर ने कहा कि किसी भी फ्लॉप फिल्म के लिए दर्शकों को जिम्मेदार ठहराना गलत है।

बीते कुछ समय से लगातार फ्लॉप फिल्में देने के बाद बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार के करियर पर सवाल खड़े हो रहे हैं। कई लोग एक्टर को रिटायरमेंट की सलाह देते हैं तो एक्टर को ट्रोल करने वाले लोगों की भी कोई कमी नहीं है। लेकिन एक्टर कभी भी बेबाक बात करने से कतराते नहीं हैं। लगातार फ्लॉप होती फिल्मों से एक्टर को जबरदस्त ट्रोल किया गया। ऐसे में अब खुद अक्षय कुमार ने अपनी फ्लॉप फिल्मों की जिम्मेदारी ली है।

लगातार पिट रहीं फिल्में
बीते कुछ समय से अक्षय कुमार की फिल्में बॉक्स ऑफिस पर लगातार पिट रही हैं। आखिरी बार एक्टर की किसी फिल्म ने अगर बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन किया, तो वो थी सूर्यवंशी। ये फिल्म साल 2021 में रिलीज हुई और एक्टर के अपोजिट कैटरीना कैफ नजर आई थीं। इस फिल्म में रणवीर सिंह और अजय देवगन का कैमियो भी था। लेकिन इस फिल्म के अलावा एक्टर की और फिल्मों की बात करें, तो ये बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह से पिटी थीं। ऐसे में अब एक्टर ने अपनी फ्लॉप फिल्मों की जिम्मेदारी लेते हुए बयान दिया है।

'ऐसा पहली बार नहीं है कि...'
लगातार तीन-चार सालों से फ्लॉप फिल्में दे रहे अक्षय कुमार ने 'आजतक' से कहा कि ऐसा मेरे साथ पहली बार नहीं हो रहा है। अपने करियर में मैंने एक बार में लगातार 16 फ्लॉप फिल्में दी हैं. एक समय था जब मैंने एक बार में 8 फिल्में कीं, जो चली ही नहीं। अब मेरी लगातार तीन-चार फिल्में नहीं चलीं। बात ये है कि ये आपकी अपनी गलती से होता है, कि फिल्म नहीं चलती। दर्शक बदल गए हैं। ऐसे में आपको बदलने की जरूरत है। आपको खुद को अलग करने की जरूरत है।

'आपको फिर से शुरुआत करनी होगी'
एक्टर ने आगे कहा कि आपको फिर से शुरुआत करनी होगी क्योंकि दर्शकों को कुछ और देखने की जरूरत है। ये एक चेतावनी की तरह है कि अगर आपकी फिल्म नहीं चल रही, तो गलती आप ही की है। मैं कोशिश कर रहा हूं और वही कर सकता हूं। उन्होंने ये भी कहा कि जब फिल्में नहीं चलतीं तो दर्शकों को दोष नहीं देना चाहिए। दर्शकों या फिर किसी और को दोष ना दें।

बुरी तरह पिटी थी 'बेलबॉटम'
कोरोना महामारी के कारण हुए लॉकडाउन और प्रतिबंधों के बाद बॉक्स ऑफिस पर फिल्में ज्यादा चल नहीं रही थीं। उस दौरान अक्षय कुमार की फिल्म बेलबॉटम सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली सबसे पहली फिल्म थी। रोहित शेट्टी के साथ उनकी फिल्म सूर्यवंशी हिंदी बॉक्स ऑफिस हिट थी। हालांकि, साल 2022 में सिनेमाघरों में रिलीज हुई उनकी सभी फिल्में रिकॉर्ड नहीं बना सकीं।

लगातार फ्लॉप के बीच चर्चा में बयान
अक्षय कुमार की फिल्म 'रक्षाबंधन' और 'सम्राट पृथ्वीराज' की बात की जाए, तो दोनों की फिल्में बॉक्स ऑफिस पर पिट गई थीं। अब 24 फरवरी को एक्टर की फिल्म सेल्फी रिलीज हुई। फिल्म ने पहले दिन 3 करोड़ से भी कम का कलेक्शन किया। ऐसे में एक्टर की फिल्म एक बार फिर उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी। लेकिन अब लगातार फ्लॉप होती फिल्मों को लेकर अक्षय का बेबाक बयान चर्चा का विषय बना हुआ है।
Recommended Video













Click it and Unblock the Notifications