अक्षय कुमार की फिल्म 'रक्षाबंधन' का ट्रेलर हुआ रिलीज, सोशल मीडिया पर करने लगा ट्रेंड
फिल्म 'रक्षाबंधन' के ट्रेलर में दिखाया गया है कि फिल्म की कहानी चार बहन और एक भाई की है। फिल्म के लीड हीरो अक्षय कुमार को अपनी इन चार बहनों की शादी करनी हैं।
मुंबई, 21 जूनः बॉलीवुड के स्टंट हीरो अक्षय कुमार की मोस्ट अवेटेड फिल्म 'रक्षाबंधन' का ट्रेलर आज रिलीज हो गया है। फिल्म का ट्रेलर रिलीज होने के साथ ही सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगा है। ट्रेलर तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और लोग इसे खूब पसंद कर रहे हैं। यूट्यूब पर अपलोड किए गए इस ट्रेलर के कमेंट बॉक्स में लोग जमकर इसकी तारीफ कर रहे हैं। फिल्म के ट्रेलर को देखने के बाद लोग ये कह रहे हैं कि अक्षय कुमार बहुत दिनों बाद एक बार फिर से बॉक्स ऑफिस पर हंगामा मचाने के लिए तैयार हैं।

चार बहन और एक भाई की कहानी
फिल्म 'रक्षाबंधन' के ट्रेलर में दिखाया गया है कि फिल्म की कहानी चार बहन और एक भाई की है। फिल्म के लीड हीरो अक्षय कुमार को अपनी इन चार बहनों की शादी करनी हैं, लेकिन उनकी जिंदगी में कुछ परेशानियां आने लगती हैं। अब कैसे बहनों की शादी हो पाती है ये तो पूरी फिल्म देखने के बाद ही पता चल पाएगा। दरअसल अक्षय के पास इतने पैसे नहीं हैं कि वह अपनी चारों बहनों की शादी कर सकें। आपको बता दें कि हाल ही में अक्षय कुमार ने इस फिल्म के नए पोस्टर को शेयर करते हुए यह जानकारी दी थी कि मंगलवार को फिल्म का ट्रेलर रिलीज किया जाएगा और तब से ही लोगों को इसका इंतजार था। फिल्म 'रक्षाबंधन' एक पारिवारिक फिल्म है, जिसे आनंद एल राय ने डायरेक्ट किया है।
11 अगस्त को फिल्म होगी रिलीज
इस फिल्म में अक्षय कुमार के साथ भूमि पेडनेकर लीड रोल में नजर आ रही हैं। ट्रेलर से पहले आज सुबह ही फिल्म का नया पोस्टर अक्षय कुमार ने शेयर किया था, जिसमें वह अपनी ऑनस्क्रीन बहनों के साथ नजर आ रहे थे। अक्षय कुमार की फिल्म 'रक्षाबंधन' 11 अगस्त को बड़े पर्दे पर रिलीज होने वाली है। हालांकि आमिक खान की फिल्म 'लाल सिंह चड्ढा' भी इसी दिन रिलीज होगी। ऐसे में दोनों फिल्मों के बीच आपसी क्लैश हो सकता है। जानकारी के अनुसार अक्षय कुमार फिल्म 'रक्षाबंधन' के जरिए आनंद एल राय के साथ दूसरी बार काम कर रहे हैं। इससे पहले दोनों ने फिल्म अतरंगी रे में साथ काम किया था, जिसमें अक्षय कुमार के साथ सारा अली खान और धनुष भी नजर आए थे। इसके बाद अक्षय कुमार दिवाली के समय 'रामसेतु' फिल्म में दिखाई देंगे।












Click it and Unblock the Notifications