शाहिद कपूर की हरकतों से पत्रकरों के बाद नाना पाटेकर भी हुए त्रस्त, 'ओ रोमियो' के ट्रेलर इवेंट छोड़ा
नाना पाटेकर हाल ही में फिल्म 'ओ रोमियो' के ट्रेलर लॉन्च इवेंट से अचानक बाहर निकल गए, जिससे पूरा कार्यक्रम चर्चा का विषय बन गया। इस घटना से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें नाना पाटेकर नाराज़गी जाहिर करते नजर आ रहे हैं। मामला तब और सुर्खियों में आ गया, जब फिल्म के निर्देशक विशाल भारद्वाज ने सार्वजनिक रूप से इस पूरे घटनाक्रम पर सफाई देते हुए नाना पाटेकर से माफी मांगी।

यह ट्रेलर लॉन्च इवेंट 21 जनवरी को मुंबई में आयोजित किया गया था। कार्यक्रम दोपहर 12 बजे शुरू होना तय था और फिल्म की पूरी टीम की मौजूदगी की योजना बनाई गई थी। तय समय पर नाना पाटेकर इवेंट स्थल पर पहुंच गए थे, लेकिन फिल्म के मुख्य कलाकार शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी वहां मौजूद नहीं थे। दोनों उस वक्त फिल्म से जुड़े एक अन्य कार्यक्रम में पोस्टर लॉन्च कर रहे थे, जिसमें उम्मीद से ज्यादा समय लग गया।
समय बीतता गया और नाना पाटेकर को इंतजार करना पड़ा। पहले आधा घंटा, फिर एक घंटा और अंततः डेढ़ घंटे से ज्यादा समय गुजर जाने के बाद उनका सब्र टूट गया। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि नाना बार-बार अपनी घड़ी दिखाते हुए आयोजकों से देरी पर नाराज़गी जाहिर कर रहे हैं। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि उन्हें बिना वजह लंबे समय तक इंतजार कराया गया है।
इसके बाद नाना पाटेकर गुस्से में इवेंट छोड़कर बाहर निकल गए। फिल्म की टीम और आयोजकों ने उनसे रुकने की अपील भी की, लेकिन उन्होंने किसी की बात नहीं मानी। उनके इस अचानक वॉकआउट ने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी, जहां कुछ लोगों ने नाना के व्यवहार का समर्थन किया, तो कुछ ने आयोजन में हुई लापरवाही पर सवाल उठाए।
घटना के बाद निर्देशक विशाल भारद्वाज ने मीडिया से बात करते हुए स्थिति को संभालने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि वे नाना पाटेकर को पिछले 27 वर्षों से जानते हैं और यह उनका अंदाज़ ही है जो उन्हें अलग बनाता है। विशाल ने माना कि नाना को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा, इसी वजह से उन्होंने इवेंट छोड़ने का फैसला किया। उन्होंने यह भी कहा कि टीम को इससे कोई बुरा नहीं लगा और नाना के प्रति उनका सम्मान बरकरार है।
नाना पाटेकर की गैरमौजूदगी के बावजूद फिल्म का ट्रेलर लॉन्च कर दिया गया। 'ओ रोमियो' में नाना पाटेकर एक पुलिस अधिकारी की अहम भूमिका निभा रहे हैं। यह फिल्म 13 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।












Click it and Unblock the Notifications