गोडसे जिंदाबाद के ट्रेंड पर बोलीं स्वरा भास्कर- बापू हम शर्मिंदा हैं, तेरे कातिल जिंदा हैं
मुंबई, 2 अक्टूबर: देश आज राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 152वीं जयंती मना रहा है। ना सिर्फ भारत बल्कि दुनियाभर में महात्मा गांधी के अहिंसा के विचारों का सम्मान करते हुए उनको याद किया जा रहा है। आज जब दुनिया गांधीजी को याद कर रही है तो देश में ट्विटर पर उनके हत्यारे नाथूराम गोडसे के समर्थन में ट्रेंड देखने को मिल रहा है। ट्विटर पर आज सुबह से ही लगातार नाथूराम गोडसे जिंदाबाद ट्रेंड में है। इसको लेकर एक्ट्रेस स्वरा भास्कर ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।

स्वरा बोलीं- बापू हम शर्मिंदा हैं
ट्विटर पर नाथूराम गोडसे के समर्थन में #नाथूराम_गोडसे_जिंदाबाद लगातार ट्रेंड करने पर अभिनेत्री स्वरा भास्कर ने इस ट्रेंड का एक स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए लिखा है- 'बापू हम शर्मिंदा हैं, तेरे कातिल जिंदा हैं' वहीं रिचा चड्ढा ने इसी से जुड़े एक ट्वीट को रीट्वीट किया है, जिसमें कहा गया है- ट्विटर पर चल रहे नाथूराम गोडसे के ट्रेंड से समझ आता है कि महात्मा गाँधी ने ऐसे देश की रचना की, जहां आतंकवादियों के पक्ष में भी बोलने की आजादी है. यही बापू की महानता है।
Recommended Video

बीजेपी सांसद ने भी जताया एतराज
स्वरा भास्कर, रिचा चड्ढा के अलावा भी कई राजनेताओं, लेखकों और दूसरे क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने गोडसे समर्थन में ट्विटर पर ट्रेंड को देश को दुनिया के सामने नीचा दिखाने वाला बताया है। भाजपा सांसद वरुण गांधी ने अपने ट्वीट में लिखा है- भारत हमेशा एक आध्यात्मिक महाशक्ति रहा लेकिन यह महात्मा गांधी ही हैं जिन्होंने हमारे देश के आध्यात्मिक आधार को अपने अस्तित्व के माध्यम से व्यक्त किया और हमें एक नैतिक अधिकार दिया, जो आज हमारी सबसे बड़ी ताकत है। 'गोडसे जिंदाबाद' ट्वीट करने वाले अपने गैर-जिम्मेदाराना रवैये से देश को शर्मसार कर रहे हैं।

बीते साल भी दिखा था ऐसा ही ट्रेंड
महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे को लेकर सोशल मीडिया का ट्रेंड देखें तो जान पड़ता है कि बीते कुछ सालों में उसको लेकर एक तरह से समर्थन बढ़ रहा है। दो तीन साल से ऐसा देखा जा रहा है कि महात्मा गांधी की जयंती पर लाखों ट्वीट गोडसे को लेकर होते हैं। जिनमें गोडसे को महात्मा गांधी की हत्या के लिए सराहा जाता है और खुलकर उसकी तारीफ की जाती है।












Click it and Unblock the Notifications