पूनम पांडे के पति को पुलिस ने किया गिरफ्तार, एक्ट्रेस ने लगाया मारपीट का आरोप
मुंबई, 09 नवंबर। अभिनेत्री पूनम पांडे ने एक बार फिर से अपने पति पर घरेलू हिंसा का आरोप लगाया है। पूनम पांडे ने अपने पति सैम अहमद बॉम्बे पर मारपीट का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। जिसके बाद सैम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पूनम पांडे ने बांद्रा स्थित पुलिस स्टेशन पर शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार पूनम पांडे की सैम की पहली पत्नी से बातचीत को लेकर कहासुनी हुई थी। जिसके बाद गुस्से में सैम ने पूनम पांडे का बाल पकड़कर सिर दीवार से लड़ा दिया और पूनम के चेहरे पर कई घूंसे मारे। पूनम पांडे को चेहरे पर काफी चोट आई है, जिसकी वजह से उन्हें कम दिखाई दे रहा है।

पूनम पांडे ने घटना की शिकायत पुलिस से दर्ज कराई है जिसके बाद बांद्रा पुलिस ने सैम को गिरफ्तार कर लिया और मामले की जांच कर रही है। वहीं पूनम पांडे को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज चल रहा है। बता दें कि यह पहला मामला नहीं जब पूनम ने अपने पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। इससे पहले भी वह अपने पति के खिलाफ मारपीट की शिकायत दर्ज करा चुकी हैं।
पिछले साल 10 सितंबर को पूनम पांडे ने सैम से शादी की थी। दोनों तकरीबन दो साल से एक दूसरे के साथ लिव इन रिलेशन में रह रहे थे। शादी के महज 12 दिन के बाद ही दोनों के बीच अनबन की खबरें सामने आई थी। पूनम ने गोवा में सैम बॉम्बे के खिलाफ केस दर्ज कराया था। जिसके बाद गोवा पुलिस ने सैम को गिरफ्तार कर लिया था। हालांकि बाद में पुलिस ने सैम को रिहा कर दिया था और पूनम ने अपनी शिकायत को वापस ले लिया था।












Click it and Unblock the Notifications