दिग्गज कथक डांसर पंडित बिरजू महाराज का निधन, पीएम ने जाहिर किया दुख
मुंबई, 17 जनवरी। जाने-माने दिग्गज कथक डांसर पंडित बिरजू महाराज का निधन हो गया है। जानकारी के अनुसार 83 साल के पंडित बिरजू महाराज को दिल का दौरा पड़ा था, जिसके बाद उनका निधन हो गया। पंडित बिरजू महाराज को एक बेहतरीन कथक डांसर के रूप में जाना जाता था, उनके चाहने वाले उन्हें पंडित जी कहकर बुलाते थे। पंडित बिरजू महाराज भारत के शीर्ष कथक डांसर में से एक थे। बिरजू महाराज की प्रपोत्री पोती रागिनी महाराज ने बताया कि पिछले एक महीने से बिरजू महाराज का इलाज चल रहा था। लेकिन बीती रात तकरीबन 12.15 से 12.30 बजे के बीच उन्हें सांस लेने में दिक्कत होने लगी। हम उन्हें 10 मिनट के अंदर अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन उनका निधन हो गया।

बिरजू महाराज के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जाहिर किया है। पीएम ने ट्वीट करके लिखा, भारतीय नृत्य कला को विश्वभर में विशिष्ट पहचान दिलाने वाले पंडित बिरजू महाराज जी के निधन से अत्यंत दुख हुआ है। उनका जाना संपूर्ण कला जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिजनों और प्रशंसकों के साथ हैं। ओम शांति!
बता दें कि पंडित बिरजू महाराज का असल नाम पंडित बृजमोहन मिश्र है, उनका जन्म 4 फरवरी 1938 को हुआ था। पंडित बिरजू महाराज लखनऊ कालिका बिन्दादिन घराने के शास्त्रीय कथक अग्रणी डांसर थे। इस घराने से बिरजू महाराज के दो चाचा, ताऊ शंभु महाराज, लच्छू महाराज व खुद बिरजू महाराज के पिता अच्छन महाराज भी आते थे। बिरजू महाराज की ट्रेनिंग उनके पिता ने ही कराई थी और वही उनके गुरू थे। पंडित बिरजू महाराज डांसर होने के साथ शास्त्रीय गायक भी थे।
पंडित बिरजू महाराज ने सत्यजीत रे की फिल्म शतरंज के खिलाड़ी में संगीत भी दिया था और दो गानों को भी गाया था। इसके अलावा 2002 में शाहरुख खान की फिल्म देवदास में काहे छेड़ छेड़ मोहे गाने को भी कोरियोग्राफ किया था। पंडित बिरजू महाराज ने कई फिल्मों में डांस को कंपोज किया। जिसमे मुख्य रूप से डेढ़ इश्किया, उमराव जान, बाजी राव मस्तानी अहम हैं। बाजीराव मस्तानी में मोहे रंग दो लाल गाने की कोरियोग्राफी के लिए पंडित बिरजू महाराज को फिल्म फेयर पुरस्कार मिला था। यही नहीं 2012 में आई फिल्म विश्वरूपम में कोरियोग्राफी के लिए बिरजू महाराज को राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से नवाजा गया था। पंडित बिरजू महाराज को उनके बेहतरीन कला के लिए पद्म विभूषण, संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार, कालिदास सम्मान से नवाजा जा चुका है।












Click it and Unblock the Notifications