शाहरुख खान के 30 साल : ऐसा 'पठान' जिसने हर उम्र के लोगों को बनाया 'दीवाना'
नई दिल्ली, 27 जून। इस महीने की 25 तारीख को 'मिस्टर बादशाह' यानी की शाहरुख खान ने बॉलीवुड में तीस साल पूरे किए हैं। इस खास मौके पर शाहरुख ने अपने चाहने वालों को निराश नहीं किया और सोशल मीडिया पर लाइव आकर सबको चौंका भी दिया और उन सभी के प्रति अपना प्यार और आभार व्यक्त किया, जिनकी बदौलत 'दिल्ली' का शाहरुख आज हिंदी सिनेमा का 'बादशाह' बन पाया है।

शाहरुख खान के 30 साल
फिल्म 'दीवाना' से शुरू हुआ शाहरुख की सफलता का सफर बदस्तूर पिछले तीस सालों से लगातार जारी है। हां रास्ते मे कई बार उतार-चढ़ाव जरूर आए लेकिन हर उतार-चढ़ाव के बाद शाहरुख लोगों के बीच निखर कर सामने आए और इस कदर आए कि लोग उन्हें पहले से ज्यादा प्यार करने लगे।

शाहरुख खान की 'चाहत' ने लोगों को भरोसा सिखाया
शाहरुख खान की 'चाहत' ने लोगों को मोहब्बत करना और उसे निभाना सिखाया है। उनके जैसे प्यार करने वाले लोग अपने प्यार को लेकर भागते नहीं हैं बल्कि उसे दिल से जीते हैं और इज्जत से घर ले जाते हैं।
'दुल्हनिया तो दिलवाले की'
फिल्मी पर्दे पर शाहरुख ने लोगों को बताया कि 'अगर आप शिद्दत से किसी को चाहते हैं तो पूरी कायनात आपको उससे मिलवाने में लग जाती है' और अगर ऐसा होता है ना तो 'दुल्हनिया तो दिलवाले' की ही होती है इसलिए उसे लोगों से चुराकर नहीं बल्कि आंख मिलाकर ले जाने की जरूरत होती है।

'परदेस' में भी 'मोहब्बतें' फैलाता है
शाहरुख की फिल्मों ने लोगों के अंदर इश्क करने का और उसे पूजने का जज्बा पैदा किया है। वो फिल्मी सिनेमा का वो चेहरा हैं, जो कि 'परदेस' में भी 'मोहब्बतें' फैलाता है और जिनकी 'चाहत' में 'दिल पागल हो जाता' है और कभी-कभी तो आलम यह होता है कि उसके प्यार से लोगों को 'डर' भी लगने लगता है और 'अंजाम' में इंसान 'बाजीगर' बन जाता है।

प्यार की नाकामी उन्हें 'देवदास' भी बना देती है
शाहरुख तो दिलों के 'बादशाह' हैं तो कभी प्यार की नाकामी उन्हें 'देवदास' भी बना देती है तो कभी जवां दिलों से जाकर वो पूछते हैं कि 'कुछ कुछ होता है क्या', किंग खान ने कभी 'डॉन' बनकर लोगों को डराया तो कभी उन्होंने ' वीर' बनकर 'स्वदेश' के लिए 'चक दे इंडिया' कर डाला। पिछली दो फिल्मों की असफलता के बाद बेशक शाहरुख लंबे वक्त से पर्दे से दूर हैं लेकिन वो लोगों के दिलों से कभी भी दूर नहीं रहे।

'yes he is the best'
सोशल मीडिया के जरिए वो लोगों के करीब हमेशा बने रहे और इसी वजह से जब वो काफी लंबे वक्त के बाद 'उमंग फेस्टिवल' में स्टेज पर नजर आए तो हर कोई खुशी से पागल हो गया। स्टेज पर तो किंग खान अपने मशहूर गाने ' I am the best' पर थिरक रहे थे लेकिन पब्लिक नीचे से चिल्ला रही थी 'yes he is the best'
ऐसा 'पठान' जिसने हर उम्र के लोगों को बनाया 'दीवाना
मालूम हो कि शाहरुख ने 25 जून को फिल्म 'पठान' का फर्स्ट लुक रिलीज किया, जिसमें वो काफी डिफरेंट नजर आ रहे हैं। बिखरे बाल, हाथ में गन, होठों पर खून और पैरों में बूट पहने शाहरुख का ये लुक फिल्म के एक्शन थ्रिलर की कहानी कह रहा है। कोई शक नहीं कि फिल्म के पहले लुक ने लोगों को फिल्म के प्रति और क्रेजी बना दिया है। फिलहाल फिल्म पर्दे पर क्या कमाल करेगी ये तो आने वाला वक्त बताएगा लेकिन हां इसमें कोई शक नहीं कि शाहरुख फिल्मी कैनवस के वो 'पठान' हैं, जिसने हर उम्र के लोगों को 'दीवाना' बनाया है।












Click it and Unblock the Notifications