Chhattisgarh के इस नगर निगम की सामान्य सभा में जमकर मचा बवाल, जानिए पार्षद ने किसको मारा थप्पड़
राजनांदगांव नगर निगम की भरी सामान्य सभा में कांग्रेस पार्षद और बीजेपी पार्षद आपस में भीड़ गए, और बात मारपीट तक पहुंच गई। बड़ी मुश्किल से दोनों को अन्य पार्षदों ने शांत कराया।
राजनांदगांव, 26 अगस्त। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में शहर सरकार और भाजपा के बीच सियासी संघर्ष तो पहले ही जारी है। लेकिन आरोप प्रत्यारोप के बयानों और सड़क में संघर्ष करने वाले नेता निगम की सामान्य सभा की गरिमा भूल चुके हैं। गुरुवार को नगर निगम की भरी सामान्य सभा में कांग्रेस पार्षद और बीजेपी पार्षद आपस में भीड़ गए, और बात मारपीट तक पहुंच गई। बड़ी मुश्किल से दोनों को अन्य पार्षदों ने शांत कराया गया।

सामान्य सभा में थप्पड़ कांड
नगर पालिका निगम राजनांदगांव में गुरुवार को सामान्य सभा आयोजित की गई थी। सत्ता पक्ष को घेरने की रणनीति बनाकर सदन में शामिल हुए भाजपा पार्षदों ने कई ऐसे सवाल पूछे कि सदन का माहौल गरमा गया।। शहर के विकास कार्यों को लेकर दोनो पक्षों में हंगामा चल रहा था। इसी दौरान दोनों पार्षदों के बीच में किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि सामान्य सभा में चर्चा के दौरान ही कांग्रेस पार्षद सन्तोष पिल्ले अपनी कुर्सी से उठे और पीछे बैठे बीजेपी पार्षद गगन के पास जाकर थप्पड़ मार दिया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है।

17 विषयों पर होनी थी चर्चा
दरअसल गुरुवार को महापौर हेमा देशमुख ने सामान्य सभा की बैठक बुलाई थी। इस बैठक में महापौर, नेता प्रतिपक्ष, बीजेपी-कांग्रेस के पार्षद समेत निर्दलीय पार्षद उपस्थित थे। इस बैठक में शहर विकास के लिए 17 एजेंडों पर चर्चा की जानी थी । बैठक में उपस्थित पार्षद विषयों पर चर्चा कर रहे थे। मगर जैसे ही चर्चा शुरू हुई दोनों दलों के पार्षदों ने हंगामा शुरू कर दिया।

निर्दलीय पार्षदों ने किया बीच बचाव
हंगामे के बाद अचानक से कांग्रेस पार्षद संतोष पिल्ले अपनी सीट से उठे और बीजेपी पार्षद गगन आईच की तरफ चले गए और बहस करने लगे। इसके बाद वार्ड 18 के पार्षद संतोष पिल्ले ने गगन को थप्पड़ जड़ दिया। जिसके बाद सभी बीजेपी व कांग्रेस पार्षद आपस में हंगामा करते रहे। फिर निर्दलीय पार्षदों ने बीच बचाव किया। इस बीच सभापति ने सभा को 10 मिनत के लिए स्थगित कर दिया। जिसके बाद दोनों को समझाया गया। इस बीच दोनों दलों के पार्षदों का हंगामा जारी रहा।
दोनों पार्षदों ने मांगी माफी
निगम की सामान्य सभा में प्रत्येक बैठक की वीडियो ग्राफी कराई जाती है। अब ऐसे में इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आ गया है। जहां शहरवासी ऐसे प्रतिनिधियों पर अब एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। लेकिन सभापति की समझाइस के बाद दोनों ने एक दूसरे से माफी मांग ली है।
इस सवाल पर मचा बवाल
सभा में विकास के मुद्दे पर चर्चा चल रही थी। सदन में पूर्व नेता प्रतिपक्ष व भाजपा पार्षद दल के प्रवक्ता शिव वर्मा ने डीजल खर्च और वाहनों के किराए के ब्यौरे को लेकर सवाल किया, जिस पर कांग्रेस पार्षद संतोष पिल्ले भड़क गए। पार्षद शिव वर्मा ने व्यय को लेकर जानकारी मांगी थी। सदन में सवाल करते ही कांग्रेस पार्षद पिल्ले ने भाजपा के शासन काल में संबंधित प्रश्न को लेकर चुप रहने पर भाजपा पार्षद शिव वर्मा को घेरने की कोशिश की।
व्यक्तिगत टिप्पणी से भड़के पार्षद
इस बीच वार्ड 45 के भाजपा पार्षद गगन आइच ने पिल्ले को लेकर एक व्यक्तिगत प्रश्न खड़ा कर दिया। उन्होंने कह दिया कि आप उस समय हमारी तरफ थे, अब उस तरफ चले गए हैं। संतोष ने कहा कि ये मेरा व्यक्तिगत निर्णय है, आप मेरे व्यक्तिगत निर्णय पर यहां चर्चा ना करें। उन्होंने कहा कि मैंने थप्पड़ नहीं मारा है, मैं सिर्फ उनके पास गया था। इस बीच किसी ने धक्का दे दिया तो हाथ उन तक चला गया है। इधर, बीजेपी पार्षद गगन आईच ने कहा है कि शहर सरकार के पार्षद व एमआईसी सदस्य हमेशा से विवाद करके बिल पास कराने में लगे रहते हैं। गगन ने कहा कि आपको मेरी बात व्यक्तिगत लगी तो मैंने उनसे माफी भी मांगी, मगर ये तरीका ठीक नही है।
वर्तमान में निगम में पार्षदों की संख्या
वर्तमान में राजनांदगांव नगर निगम में कांग्रेस का कब्जा है । 51 वार्डों वाले राजनांदगांव नगर निगम में कांग्रेस के 23, बीजेपी के 19 व 09 पार्षद निर्दलीय पार्षद हैं। नि्र्दलीय पार्षदों के सहयोग से कांग्रेस की हेमा देशमुख यहां महापौर हैं। जबकि थप्पड़ मारने वाले पार्षद सन्तोष पिल्ले तीसरी बार वार्ड नंबर 18 से पार्षद बनकर निगम पहुंचे हैं। वहीं बीजेपी पार्षद वार्ड नंबर 45 से पार्षद गगन पहली बार पार्षद चुने गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications