Dhan kharidi 2022: राजनांदगांव में धान खरीदी कर रहे कम्प्यूटर ऑपरेटर, समिति प्रबंधक करेंगे हड़ताल
छत्तीसगढ़ में आज से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत हो चुकी है। धान खरीदी के लिए प्रशासन ने जिला स्तर पर सभी तैयारियां की हैं। आज प्रदेश भर में किसानों ने धान बेचने की शुरआत की है। वहीं दूसरी ओर राजनांदगांव, मानपुर मोहला व खैरागढ जिले में धान खरीदी में अव्यवस्था का आलम है। जिलों में खरीदी केंद्रों में समिति प्रबंधक की जगह कंप्यूटर ऑपरेटर तो कहीं कृषि अधिकारी धान खरीदी की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। जिसके चलते यहां अब धान खरीदी भगवान भरोसे हो गई है।

कलेक्टर ने कम्प्यूटर ऑपरेटरों को मनाया
धान खरीदी कार्य से प्रबंधकों ने हाथ खींच लिया हैं। वहीं खैरागढ़ और राजनांदगांव जिले के कंप्यूटर ऑपरेटर ने भी सामूहिक इस्तीफे की पेशकश कर दी थी। लेकिन जिला प्रशासन के अधिकारियों और कलेक्टर की मान मनौव्वल के बाद ऑपरेटरों ने इस्तीफा वापस लेकर खरीदी की जिम्मेदारी संभाली। कलेक्टर ने सभी कर्मचारियों को समझाइश दी कि किसी तरह की दिक्कत आने पर सभी मिलकर इसका समाधान करेंगे।अब कंप्यूटर ऑपरेटर 7 दिनों तक धान खरीदी की जिम्मेदारी संभालेंगे। राजनांदगांव जिले के 20 खरीदी केंद्र में 36 किसानों ने 1310 क्विंटल धान बेचा है।

अनुभवहीन अधिकारी, जिला प्रशासन की बढी परेशानी
इन केंद्रों में कृषि अधिकारी मॉनिटरिंग करेंगे। धान खरीदी से सोसाइटी प्रबंधकों के पीछे हटने के बाद कलेक्टर ने सुपरवाइजर, सहकारिता विस्तार अधिकारी, बैंक मैनेजर के माध्यम से खरीदी की तैयारी की गई है। लेकिन तैयारियों के बाद भी अफसरों की चुनौती कम नहीं हो रही है। अनुभव की कमी की वजह से अफसर सामान्य ढंग से खरीदी की प्रक्रिया पूरी नहीं कर सकेंगे। इसे देखते हुए ब्लॉक लेवल पर एसडीएम व अन्य अफसरों को धान खरीदी केंद्रों में जिम्मेदारी दी गई है। नवगठित खैरागढ जिले में भी यही स्थिती बनी हुई है।

दो सूत्रीय मांगों को लेकर प्रबंधक करेंगे हड़ताल
दरअसल समिति प्रबंधक 2 सूत्रीय मांगों को लेकर अगले 3 दिनों तक सामूहिक अवकाश लेकर हड़ताल करने जा रहे हैं। सोसायटी प्रबंधक गंगाराम साहू ने बताया कि सोसाइटी प्रबंधक छत्तीसगढ़ सहकारी समिति कर्मचारी संघ ने 3 दिनों तक हड़ताल पर रहने का फैसला किया है। प्रबंधकों की मांग है कि धान के सुखत की भरपाई उनसे ना कराया जाए। इसके साथ ही सोसाइटीयों में मिलने वाली प्रशासनिक खर्च की राशि को बढ़ाया जाए। जिससे उन्हें लगातार हो रहे नुकसान से राहत मिल सके। इसके अलावा अंबागढ़ चौकी ब्लाक के 11 धान खरीदी केंद्रों में सोसाइटी कर्मचारियों को लगभग 9 माह से वेतन नहीं मिला है। जिसके चलते कर्मचारियों की दीपावली भी सुनी रही।












Click it and Unblock the Notifications