प्रधानमंत्री सड़क योजना में भ्रष्टाचार का आरोप, हल्की बारिश में बह गया रेंगाखार मुख्य मार्ग,आवागमन प्रभावित
वनांचल ग्राम ग्राम रेंगाखार कला में तेज बारिश के चलते कमजोर नींव पर जोर पड़ते ही 26 लाख रुपए की सड़क बह निकली। ऐसे में ग्राम रेंगाखार से मुख्य मार्ग का संपर्क टूट गया है, अब ग्रामीणों के लिए आवागमन के लिए कोई रास्ता नहीं
कवर्धा, 15 जुलाई। कवर्धा जिले में भारी बारिश से नदी नाले उफान पर हैं, किसानों के खेतों में पानी भरे हुए हैं। ऐसे में वनांचल क्षेत्र के प्रधानमंत्री सड़क योजना से बनी सड़कें पहली बरसात में ही बह रही है। वनांचल ग्राम ग्राम रेंगाखार कला में तेज बारिश के चलते कमजोर नींव पर जोर पड़ते ही 26 लाख रुपए की सड़क बह निकली। ऐसे में ग्राम रेंगाखार से मुख्य मार्ग का संपर्क टूट गया है, अब ग्रामीणों के लिए आवागमन के लिए कोई रास्ता नहीं है, जिसके चलते ग्रामीण अब ठेकेदारों व अधिकारियों पर भ्रष्ट्राचार के आरोप लगा रहें हैं।

मध्यप्रदेश के मुख्य मार्ग तक पहुंचती है सड़क
यह पूरा मामला कवर्धा जिले के बोड़ला ब्लॉक अंतर्गत आने वाले ग्राम रेंगाखार कला जंगल मेन रोड का है। ग्राम बरेंडा के बीच प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना अंतर्गत निर्मित सड़क पहली बरसात में ही दम तोड़ रही है। इस रास्ते से आसपास के गांव के अलावा मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के लोगों को एक दूसरे से जोड़ती है। लेकिन शुक्रवार-शनिवार की बारिश और तेज बहाव में मार्ग का कई हिस्से बह निकले। मुख्य रूप से पुलिया पर निर्मित सड़क का ही हिस्सा बह गया।
ग्रामीण लगा रहे भ्रष्ट्राचार का आरोप
कवर्धा जिले में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत 150 सड़कों का निर्माण किया गया है। इनमें से कई सड़कों की गुणवत्ता बेहद खराब है। स्थिति यह है कि ऐसी सड़क बारिश में बहने लगी हैं। जगह-जगह गड्ढ़े हो गए हैं और लोग परेशान हैं।
सड़क के बह जाने के बाद ग्रामीण अब इसके लिए अधिकारियों और ठेकेदारों को जिम्मेदार ठहरा दे रहे हैं। वहीं ग्रामीण इन अधिकारियों पर ठेकेदारों से मिलीभगत व भ्रष्टाचार के आरोप लगा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इन सड़कों को भ्रष्टाचार कर कमजोर बनाया गया। जिसके चलते आज हल्की बारिश के बहाव में ही यह सड़क बह गई।
आवागमन व व्यापार हो रहा प्रभावित
इस तरह कवर्धा जिले के कई क्षेत्रों में सड़कों पर पानी भर जाने से आवागमन बाधित हो गया है। रेंगाखार के इस मुख्य मार्ग में कटाव के चलते वाहनों का आवागमन बंद हो चुका है, इससे लोग परेशान हैं क्योंकि सैकड़ों लोग व्यापार व खरीदारी करने इस मार्ग से ही रेंगाखार पहुंचते हैं। लेकिन मार्ग क्षतिग्रस्त होने के कारण ग्रामीणों के सामने बड़ी समस्या खड़ी हो चुकी है।
26 लाख रुपए में संधारण कार्य
ग्राम रेंगाखार कला मेन रोड से ग्राम बरेंडा के बीच प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना अंतर्गत सड़क का निर्माण साल 2016 में 52 लाख रुपए की लागत से किया गया था। इसके बाद वर्ष 2019 में इस सड़क का लगभग 27 लाख रुपए की लागत से संधारण कार्य किया गया। लाखों रुपए खर्च के बाद भी सड़क की नींव कमजोर रह गई।












Click it and Unblock the Notifications