Agniveer Bharti Durg: अग्निवीर बनने युवाओं में गजब का उत्साह, 3 दिन में 12 हजार युवाओं ने लगाई दौड़
दुर्ग जिले में रक्षा मंत्रालय द्वारा आयोजित अग्निवीर भर्ती रैली में युवाओं में गजब का उत्साह देखने को मिल रहा है। इसमे 12 हजार युवा शामिल हो चुके हैं। इस रैली में पूरी व्यवस्था जिला प्रशासन द्वारा की जा रही है।

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में अग्निवीर भर्ती रैली का आयोजन किया गया है। रक्षा मंत्रालय द्वारा आयोजित इस भर्ती रैली में युवाओं को कड़े मापदंडों से होकर गुजरना पड़ रहा है। लेकिन इसके बाद भी युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा है। सेना में भर्ती होने के लिए प्रदेश भर से दुर्ग पहुंचे युवाओं को असुविधा से बचाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा पूरी व्यवस्था की गई है। एक दिसम्बर से शुरू हुई इस रैली में हर रोज लगभग 5000 युवा शामिल हो रहें हैं।

दुर्ग के रविशंकर स्टेडियम में आयोजित इस भर्ती रैली में सेना में भर्ती होने युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। सेना भर्ती स्थल के पास बड़ी संख्या में युवा अपना प्रतिभा दिखाने पहुंच रहे हैं। सेना भर्ती में आज 6167 युवाओं ने रजिस्ट्रेशन कराया था। इसमें 4320 युवा भर्ती रैली में भाग लेने पहुंचे थे। इसी तरह 1 दिसम्बर को 3662 युवाओं ने, 2 दिसम्बर को 4055 युवाओं ने भर्ती में हिस्सा लिया। जिनकी सभी प्रक्रियाएं भर्ती में लगे जवानों द्वारा पूरी कराई गई।

जिला प्रशासन ने भोजन और ठहरने का किया इंतजाम
आपको बता दें कि भारी संख्या में पहुंच रहे इन सभी युवाओं के रूकने और भोजन की व्यवस्था प्रशासन द्वारा कराई गई है। इस संबंध में जानकारी देते हुए उपसंचालक जनशक्ति नियोजन राजकुमार कुर्रे ने बताया कि कंट्रोल रूम के माध्यम से युवाओं की सभी जिज्ञासाओं का समाधान किया जा रहा है। नोडल अधिकारी लगातार स्थिति की मानिटरिंग में लगे हुए हैं। जहां भी किसी तरह की दिक्कत होती है समाधान के लिए तुरंत निर्देशित किया जाता है।

कलेक्टर मीणा स्वयं कर रहे मॉनिटरिंग
इस भर्ती रैली की मॉनिटरिंग स्वयं कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा नियमित रूप से कर रहें हैं। वे सेना भर्ती स्थल में स्वयं पहुंच कर सुविधाओं का जायजा ले रहे हैं, और नोडल अधिकारियों से लगातार व्यवस्था की जानकारी ले रहे हैं। जिला प्रशासन एक दिसम्बर दुर्ग के रेलवे स्टेशन बस स्टैंड सभी जगहों पर युवाओं की सुविधा के लिए स्टाल लगाए हैं। इसके अलावा पार्किंग, सुरक्षा, ठहरने, भोजन, पेयजल, सभी व्यवस्थाएं जिला प्रशासन द्वारा कराई जा रहीं हैं।
70 हजार युवाओं ने कराया है पंजीयन
इस भर्ती के लिए प्रदेश भर के 70 हजार युवाओं ने पंजीयन कराया है। जिले के अनुसार अलग अलग दिन निर्धारित किए गए हैं। 1 दिसंबर से 6 दिसंबर तक होने वाली भर्ती का विवरण इस तरह है। 4 दिसंबर को बिलासपुर, कोंडागांव, कोरिया, रायगढ़, 5 दिसंबर को बीजापुर, दंतेवाड़ा, नारायणपुर, सुकमा, गरियाबंद, कबीरधाम, कोरबा, जशपुर, राजनांदगांव, 6 दिसंबर को धमतरी, जीपीएम जिला हिस्सा लेंगे।












Click it and Unblock the Notifications