Deoria News: बारात में हुई हर्ष फायरिंग, दूल्हे के मामा की मौत
देवरिया में विवाह समारोह में हर्ष फायरिंग में गोली लगने से दूल्हे के मामा की मौत हो गयी है।

Gorakhpur News: देवरिया जिले में रुद्रपुर क्षेत्र के बौरडीह गांव में हर्ष फायरिंग में दूल्हे के मामा की मौत हो गयी है। इस घटना के बाद बारात बिना विवाह के ही वापस लौट गयी। आरोपी फरार है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
गोरखपुर के खजनी के उनवल के रहने वाले लालजी निषाद के बेटे संदीप निषाद की बारात देवरिया के रुद्रपुर के बौरडीह गांव आई हुई थी। मंगलवार रात आई इस बारात में एक युवक दो नाली बंदूक से फायरिंग करने लगा। गोली दूल्हे के मामा को लग गयी और उसकी मौत हो गयी। इसके बाद से ही मौके पर अफरा तफरी मच गयी। द्वार पूजा कार्यक्रम चल रहा था। बरात में झगहा थाना क्षेत्र के दुबौली गांव निवासी एक युवक फायरिंग करने लगा। उसकी दो नाली बंदूक फंस गई और गोली दूल्हे के मामा बजरंगी निषाद (46) निवासी महेशरा, गोरखपुर के पेट में लग गई।
इस घटना के बाद से ही ग्रामीण युवक को दौड़ाने लगे। वह बंदूक फेंक कर फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरु कर दी। बंदूक बरामद कर ली गयी है। प्रभारी निरीक्षक उमेश कुमार बाजपेई ने कहा कि मृतक के परिजन की तहरीर में एक युवक के खिलाफ हत्या का अभियोग पंजीकृत किया गया है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications