Deoria Hatyakand: देवरिया हत्याकांड में गुनहगारों के और करीब हुई पुलिस, कॉल डिटेल से हुआ यह बड़ा खुलासा
Deoria Hatyakand News: देवरिया हत्याकांड में नया खुलासा हुआ है। कॉल डिटेल से पुलिस ने 10 नए आरोपियों की तलाश की है। इन सभी का मोबाइल स्विच ऑफ है। सीसीटीवी फुटेज व लोगों से पूछताछ के आधार पर इनके गिरफ्तारी के पुलिस प्रयास कर रही है।
दो अक्तूबर को लेड़हा टोले में प्रेम यादव की हत्या की सूचना पर पहुंची भीड़ ने सत्यप्रकाश दूबे, उनकी पत्नी किरन, बेटियों सलोनी, नंदनी और पुत्र गांधी की हत्या कर दी थी। हमले में अनमोल गंभीर रूप से घायल हो गया था। पुलिस ने इस मामले में सत्यप्रकाश की बड़ी बेटी शोभिता की तहरीर पर 27 नामजद और 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था।

17 नामजद और पांच अज्ञात की पहचान कर पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं अब भी 45 अज्ञात और 10 नामजद आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार गांव के करीब 40 से अधिक लोगों के मोबाइल काल डिटेल पुलिस खंगाल चुकी है। इसके जरिए पुलिस को अहम सुराग मिले हैं। फुटेज में पुलिस को कुछ संदिग्ध चेहरे मिले हैं। जिनके बारे में पुलिस ने जानकारी जुटाई है।
इसमें से दस ऐसे अज्ञात लोग चिह्नित हुए हैं जिनकी मौजूदगी घटनास्थल पर होने की बात सामने आ रही है। घटना के दिन से ही ये सभी गांव छोड़ कर फरार हैं। इनके बारे में पुलिस जानकारी जुटा रही है। कुछ ऐसे भी लोग हैं जो घटना में नामजद हैं और उनके बेहद करीबी हैं।
एसपी संकल्प शर्मा ने कहा कि अब तक इस मामले में 21 लोगों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। अज्ञात आरोपियों की भी पहचान कर ली गई है। जल्द इनकी गिरफ्तारी कर ली जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications