दिल्ली रेलवे स्टेशन के बाहर करंट लगने से महिला की मौत
दिल्ली रेलवे स्टेशन पर आज बड़ा हादसा सामने आया है। यहां करेंट लगने से एक महिला की मौत हो गई है। दिल्ली पुलिस ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि मौके पर एफएसएल की टीम पहुंच गई है और मामले की जांच कर रही है। महिला के शव को पोस्ट मार्टम के लिए लेडी हार्डिंग अस्पताल भेज दिया गया है।
मृतक महिला की पहचान साक्षी आहूजा के तौर पर हुई है। वह प्रीत विहार कॉलोनी की रहने वाली है। महिला को रेलवे स्टेशन के बाहर बिजली के खंबे से करंट लग गया था।

महिला याहं भोपाल शताब्दी ट्रेन पकड़ने के लिए आई थी। रेलवे स्टेशन के बाहर बारिश की वजह से जलभराव था। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि महिला ने पानी से बचने के लिए खंबे को पकड़ा था, जिसकी वजह से उसे करंट लग गया। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है और इशकी जांच कर रही है।
इस मामले में पुलिस ने लापरवाही का केस दर्ज किया है। एफएसएल रोहिणी की टीम घटना के बाद मौके पर जांच कर रही है। महिला के पिता लोकेश कुमार चोपड़ा का कहना है कि हम चंदीगढ़ जा रहे थे, मैं पार्किंग में था जब मेरी बेटी साक्षी आहूजा की करंट लगने से मौत हुई।
बारिश की वजह से देश के अलग-अलग हिस्सों में कई घटनाएं सामने आई हैं। हरियाणा के पंचकूला में खड़क मंगोली के पास महिला नदी में बह गई। वहीं मुंबई में हो रही लगातार बारिश की वजह से त्रिमूर्ति बंगला पानी से भर गया है। यहां दो लोग फंस गए हैं जिन्हें निकालने का कार्य जारी है।
वहीं हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में बारिश की वजह से आठ गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गई हैं। रातभर हुई बारिश की वजह से कई जगह पर जलभराव हो गया है। यहां खड़े वाहन पानी में बह गए, जिसे जेसीबी की मदद से बाहर निकाला गया।












Click it and Unblock the Notifications