क्या दिल्ली MCD में होगा उलटफेर? CM रेखा गुप्ता ने अब दिया बड़ा बयान, कहा- 'हमें तोड़ने की क्या जरूरत'
Delhi CM Rekha Gupta: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने नगर निगम (MCD) में उलटफेर को लेकर संकेत दिया है। सीएम रेखा गुप्ता ने शुक्रवार (07 मार्च) को इंडिया टुडे कॉन्क्लेव में बोलते हुए कहा कि दिल्ली नगर निगम में आम आदमी पार्टी (AAP)पार्षद खुद हमारे साथ आना चाहते हैं। हमें किसी को भी तोड़ने की जरूरत नहीं है।
रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली की जनता अब डबल इंजन की सरकार चाहती है। दिल्ली में अभी बीच का जो भी समय बिता है, उससे यहां की जनता को समझ में आ गया है कि दिल्ली का विकास डबल इंजन की सरकार ही कर सकती है। रेखा गुप्ता के इस बयान के बाद कहा जा रहा है कि दिल्ली में जल्द ही MCD में उलटफेर हो सकता है। आप पार्टी में भी अंदरखाने टूट की बात सामने आ रही है।

रेखा गुप्ता बोलीं- मैं दिल्ली की अकेले सीएम नहीं हूं
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, ''मैं दिल्ली की अकेली सीएम नहीं बनी हूं...पूरे लीडरशिप को जिम्मेदारी मिली है। हम सभी को मिलकर ये रास्ता तय करना है। इससे पहले आप की सरकार केंद्र सरकार के साथ मिलकर नहीं चल रही थीं लेकिन अब हम मिलकर रास्ता तय करेंगे।''
'मैं ऐसी मुख्यमंत्री नहीं, जो शीशमहल में बैठकर काम करूं'
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा,
''मैं ऐसी मुख्यमंत्री नहीं हैं जो "शीशमहल में बैठकर काम करूं। मैंने मुख्यमंत्री के तौर पर अपने पहले दिन ही कहा था कि मैं शीशमहल में नहीं रुकूंगी। मुझे जनता की "कड़ी मेहनत की कमाई" को अपने "आराम " के लिए इस्तेमाल करने का कोई अधिकार नहीं है।''
रेखा गुप्ता ने कहा,
''यह संपत्ति दिल्ली की जनता की है। यह उनके लिए फायदेमंद होगी और उनके लिए इस पर एक अच्छी परियोजना की योजना बनाई जाएगी... साथ ही, मुझे नहीं लगता कि जनता के लिए काम करने के लिए किसी को बड़े घर या कार्यालय की जरूरत होती है। जनता भी चाहती है कि उनके प्रतिनिधि उनके आसपास मौजूद रहें, ताकि वे उन तक आसानी से पहुंच सकें।"
रेखा गुप्ता बोलीं- मुझे सिर्फ जनता कंट्रोल कर सकती है
रेखा गुप्ता ने इस धारणा पर भी जवाब दिया कि उनके आसपास के लोगों को मुख्यमंत्री का पद दिया जाता तो उन्हें ''कंट्रोल'' करना आसान होता। इसपर रेखा गुप्ता ने कहा, "केवल जनता" ही उन्हें नियंत्रित कर सकती है।
रेखा गुप्ता ने कहा, "मुझे सिर्फ जनता कंट्रोल कर सकती है। हम सभी जनता के लिए काम करते हैं। मैं ऐसी मुख्यमंत्री नहीं हूं जो शीशमहल में बैठकर काम करती। मैं ऐसी मुख्यमंत्री हूं जो 24x7 जनता के बीच मौजूद रहती है और उसके अनुसार काम करती है। इसलिए, मुझे जनता कंट्रोल कर सकती है। जहां तक मेरे सहयोगियों का सवाल है, मैं उनसे जितना मार्गदर्शन और मदद मिल सकेगी, स्वीकार करूंगी।"












Click it and Unblock the Notifications