Weather Updates: दिल्ली-NCR में आज भी पारा रहेगा 40 के पार, जानिए IMD का ताजा अपडेट
नई दिल्ली, 01 जुलाई। देश की राजधानी का पारा इस वक्त काफी चढ़ा हुआ है, भारतीय मौसम विभाग ने अपने ताजा अपडेट में कहा है कि आज भी दिल्ली-एनसीआर को गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली है, आज भी यहां तापमान 42-43 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है लेकिन तेज हवाएं चलेंगी और 2-3 जुलाई को हल्की बारिश की आशंका है और ऐसा हुआ तो तापमान में कमी होगी और 38 डिग्री तक जा सकता है। फिलहाल लोगों को गर्मी-लू और उमस का सामना करना पड़ेगा क्योंकि दिल्ली में अगले 7 दिनों तक मानसून आने के आसार नहीं दिख रहे हैं।
Recommended Video

पसीने-पसीने दिल्ली
गौरतलब है कि दिल्ली में बुधवार को तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि इस साल का अब तक का सबसे अधिक तापमान है और वहीं कल लोगों को वहां 'लू' का भी सामना करना पड़ा है। राजधानी में कल अधिकतम तापमान, औसत तापमान से कम से कम सात डिग्री सेल्सियस अधिक रहा है। दिल्ली में आज भी लू के लिए यलो अलर्ट जारी है।

'हीटवेव' किसे कहते हैं
आपको बता दें कि जब किसी स्थान के लिए अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जाता है और दिन का तापमान सामान्य अधिकतम तापमान से 4 से 5 डिग्री अधिक होता है, तो मौसम विभाग इसे 'हीटवेव' घोषित कर देता है। जब अधिकतम तापमान 45 डिग्री को पार कर जाता है या सामान्य से 6 डिग्री से अधिक होता है तो इसे 'गंभीर हीटवेव' कहते हैं।

क्यों बढ़ रही है गर्मी?
अक्सर कहा जाता है कि गर्मी के बढ़ने की वजह 'ग्लोबल वार्मिंग' है लेकिन बीबीसी की खबर के मुताबिक केवल यही एक कारण नहीं देश में तापमान के बढ़ने का, दरअसल इसके पीछे शहरीकरण का भी बहुत बड़ा हात है। इमारतों के निर्माण के चक्कर में पेड़ की कटाई इसकी बहुत बड़ी वजह है, यहां तक कि जमीनों का बदलता उपयोग भी तापमान वृद्दि का कारण है। पेड़ काटकर शहर बसाने के चक्कर में हरियाली क्षेत्र कम हो रहे हैं, जिसके कारण अब गर्मी पहले से ज्यादा पड़ने लगी है।

यहां जारी है भारी बारिश का अलर्ट
आज से लेकर अगले तीन दिनों तक पश्चिम बंगाल, सिक्किम, तेलंगाना, कर्नाटक, मराठवाड़ा, आंध्र प्रदेश, बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, केरल, कोंकण, गोवा, गुजरात, राजस्थान, अंडमान -निकोबार , लक्षद्वीप, तमिलनाडु और पश्चिमी हिमालय में हल्की से मध्यम बारिश की आशंका है तो वहीं देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, अल्मोड़ा, चंपावत और पिथौरागढ़ में भारी बारिश के साथ बिजली चमकने के आसार नजर आ रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications