फरवरी के महीने में बढ़ा तापमान! दिल्ली-NCR, यूपी और MP में बढ़ी गर्मी, जानें आगे कैसा रहेगा मौसम?
Weather Update:दिल्ली-एनसीआर में फरवरी में ही गर्मी ने दस्तक दे दी है। 10 फरवरी साल का सबसे गर्म दिन रहा और 11 फरवरी को भी तापमान काफी ऊपर दर्ज किया गया। इस बार फरवरी में अभी तक बारिश नहीं हुई है, जिससे तापमान तेजी से बढ़ रहा है।
मंगलवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 29.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6.3 डिग्री ज्यादा था। न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से थोड़ा कम था। इससे पहले 10 फरवरी को तापमान 28 डिग्री था। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि फरवरी में हल्की गर्मी आम है, लेकिन इस बार बारिश न होने से तापमान ज्यादा बढ़ गया है।

क्या कहते हैं रिकॉर्ड?
फरवरी में अब तक का सबसे ज्यादा तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस 26 फरवरी 2006 को दर्ज किया गया था। पिछले साल फरवरी में सबसे ज्यादा तापमान 29.7 डिग्री 19 फरवरी को दर्ज हुआ था, जबकि 2023 में 21 फरवरी को 33.6 डिग्री तापमान पहुंचा था।
आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले एक हफ्ते तक ऐसा ही मौसम बना रहेगा। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में हल्की बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। 13 फरवरी के बाद दिल्ली का मौसम साफ रहेगा, लेकिन 15 फरवरी को एक और पश्चिमी विक्षोभ आने से हल्की ठंड लौट सकती है।
मध्य प्रदेश में भी गर्मी बढ़ी
मध्य प्रदेश में भी तापमान लगातार बढ़ रहा है। दिन का तापमान 33 डिग्री तक पहुंच गया है, लेकिन रात का तापमान अभी 10 डिग्री के आसपास है, जिससे सुबह और शाम ठंडक महसूस हो रही है। मौसम विभाग का कहना है कि नए पश्चिमी विक्षोभ के चलते फिर से ठंड लौट सकती है।
हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी जारी
हिमाचल प्रदेश के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी हो रही है। रोहतांग दर्रा समेत कई जगहों पर बर्फबारी का दौर जारी है, जिससे ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग ने पहले ही खराब मौसम की चेतावनी दी थी। अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में मौसम ठंडा और शुष्क बना रहेगा।
यूपी में बदल रहा मौसम
उत्तर प्रदेश में भी मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। शहरी इलाकों में ठंड कम हो गई है, लेकिन ग्रामीण इलाकों में हल्की ठंड बनी हुई है। 12 फरवरी को प्रदेश में मौसम साफ रहेगा, लेकिन 20-30 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। 17 फरवरी तक मौसम साफ रहेगा और किसी तरह का अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
लखनऊ, अयोध्या और कानपुर में तापमान
लखनऊ में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री और अधिकतम 29 डिग्री दर्ज किया गया। अयोध्या में सबसे कम 8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया, जबकि बुलंदशहर में 8.9 डिग्री और कानपुर में 9.4 डिग्री रहा।
फरवरी में ही गर्मी का असर दिखने लगा है। दिल्ली, यूपी और एमपी में तापमान बढ़ रहा है, जबकि हिमाचल में ठंड बरकरार है। आने वाले दिनों में हल्की ठंड महसूस हो सकती है, लेकिन बारिश की संभावना कम है। ऐसे में दिन में तेज धूप से गर्मी और रात में हल्की ठंड का असर बना रहेगा।












Click it and Unblock the Notifications