दोहा से आई युगांडा की महिला दिल्ली एयरपोर्ट पर गिरफ्तार, 6.65 करोड़ की हेरोइन निगल रखी थी
नई दिल्ली। अफ्रीकी देश युगांडा की महिला करोड़ों की हेरोइन के साथ दिल्ली एयरपोर्ट पर पकड़ी गई। अधिकारियों ने जब जांच की तो पता चला कि, महिला ने 887 ग्राम हेरोइन युक्त 126 कैप्सूल निगले थे। चेकिंग के बाद महिला यात्री के पास से 6.65 करोड़ रुपये कीमत की हेरोइन बरामद की गई।

Recommended Video
जांच अधिकारियों ने बताया कि, युगांडा की महिला दोहा की फ्लाइट से दिल्ली हवाई अड्डे पहुंची थी। उस पर संदेह हुआ तो उसकी तलाशी ली गई। अधिकारी ने कहा कि, 14 अप्रैल को दोहा से शहर के हवाई अड्डे पर पहुंची महिला यात्री को संदेह के आधार पर रोका गया था। जिसके बाद उसे 887 ग्राम हेरोइन युक्त 126 कैप्सूल की तस्करी करने की कोशिश में गिरफ्तार कर लिया गया।
महिला के बैग व सामान की गहन जांच की गई तो उसमें कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। हालांकि, जब महिला केा मेडिकल जांच के लिए ले जाया गया, तो उसके शरीर के अंदर कुछ सामग्री छिपी हुई पाई गई। सीमा शुल्क विभाग ने कहा, "चिकित्सा प्रक्रिया से कुल 887 ग्राम ऑफ-व्हाइट रंग के 126 कैप्सूल बरामद हुए, जो हेरोइन थी, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 6.65 करोड़ रुपये है।"
अब उक्त महिला के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम, 1985 की धारा 43 (बी) के तहत कार्रवाई की जाएगी, उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications