ये इंसान है या राक्षस? तिहाड़ के कैदी को आया पैसे कमाने का आइडिया, निगल लिए 4 फोन
नई दिल्ली, 9 सितंबर: तिहाड़ जेल में फोन मिलने की बहुत सी घटनाएं आपने सुनी होंगी, लेकिन अब वहां से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। पिछले कुछ दिनों से जेल के एक कैदी के पेट में तेज दर्द हो रहा था, जब डॉक्टरों ने उसकी जांच की तो उनके होश उड़ गए। कैदी के पेट के अंदर चार फोन दिख रहे थे। जिस पर तुरंत घटना की जानकारी जेल के वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। फिलहाल अभी दो फोन को डॉक्टरों ने ऑपरेशन के जरिए निकाल लिया है, जबकि बाकी बचे दो फोन को निकालने के लिए एक दूसरे ऑपरेशन की जरूरत पड़ेगी। इस घटना के सामने आने के बाद लोग सोशल मीडिया पर बस यही सवाल पूछ रहे कि ये इंसान है या राक्षस?

एंडोस्कोपी में पता चला
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक एक कैदी के पेट में कई दिनों से दर्द हो रहा था। उसने इसकी जानकारी जेल कर्मचारियों को दी। साथ ही ये भी बताया कि उसने चार फोन निगल लिए हैं। शुरुआत में किसी को उसकी बात पर विश्वास नहीं हुआ, लेकिन जब उसकी हालत ज्यादा खराब हुई तो उसे दीन दयान उपाध्याय अस्पताल ले जाया गया। वहां पर पहले डॉक्टरों ने उसकी एंडोस्कोपी की, जिसमें पेट के अंदर चार फोन मिलने की पुष्टि हुई।

हालत अभी स्थिर
मामले में दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि कैदी का एक सफल ऑपरेशन हुआ, जिसमें दो फोन को निकाला गया। अब अन्य फोन को निकालने के लिए एक और ऑपरेशन करना पड़ेगा। फिलहाल अभी उसकी हालत स्थिर बनी हुई है।

इस वजह से उठाया ये कदम
वहीं तिहाड़ जेल के महानिदेशक संदीप गोयल ने मीडिया को बताया कि कैदी कई अपराधों के लिए जेल नंबर-1 में बंद है। उसे हाल ही में पैरोल पर छोड़ा गया था, लेकिन जब वो वापस जेल आया तो उसको पैसे कमाने का नया आइडिया सूझा। इस पर उसने 5 सेंटीमीटर के कम से कम 4 मोबाइल निगल लिए। उसने सोचा था कि वो अंदर आकर उसे निकाल लेगा और उसे अच्छे पैसे में कैदियों को बेच देगा, लेकिन उसका प्लान फेल हो गया। उसने जेल वापस आने के बाद दो-तीन दिन फोन निकालने की कोशिश की, लेकिन वो कामयाब नहीं हुआ। जिस वजह से उसे सच्चाई जेल कर्मियों को बतानी पड़ी।












Click it and Unblock the Notifications