3 साल की बच्ची से रेप के बाद गला घोंटकर 6 फीट गहरे गड्ढे मे फेंका, 10 घंटे बाद वह जिंदा मिली
दिल्ली में पड़ोसी ने बच्ची को किया अगवा। सुनसान इलाके में ले जाकर उसके साथ की बर्बरता। पुलिस को गड्ढे में जिंदा मिली बेहोश बच्ची।
दिल्ली। सराय रोहिल्ला इलाके में एक तीन साल की बच्ची को चॉकलेट खिलाने के बहाने से एक हैवान ने अगवा किया, सुनसान इलाके में ले जाकर उसके साथ रेप किया और गला घोंटकर 6 फीट गहरे गड्ढे में फेंक दिया। 10 घंटे बाद वह पुलिस को जिंदा मिली।

सोमवार की शाम बच्ची हुई गायब
घटना सोमवार की शाम की है जब बच्ची के मां-बाप रिश्तेदार से मिलने के बाहर गए हुए थे। पुलिस ने बताया कि जब मां-बाप वापस लौटे तो उन्होंने पाया कि बच्ची गायब थी।
बच्ची के पिता ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। जांच में पुलिस को गायब बच्ची की बड़ी बहन से पता चला कि आखिरी बार वह आरोपी बीरबल के साथ देखी गई थी। पुलिस जिस समय आरोपी को गिरफ्तार करने उसके घर पहुंची, वह नशे में धुत्त था।
बच्ची के पिता का साथी है आरोपी
35 साल का आरोपी उसी मकान में रहता है जिसमें बच्ची अपने मां-बाप के साथ रहती है। वह बच्ची के पिता के साथ कबाड़ का काम करता था और उसके घर में आता-जाता था।
बच्ची की बड़ी बहन मानसिक रोग की शिकार है। वह बार-बार सबको बीरबल के बारे में बता रही थी कि वह उसे चॉकलेट देकर बाहर ले गया था लेकिन परिवार के लोगों ने उसकी बात पर ध्यान नहीं दिया।
आरोपी ने पुलिस को सुनाई अपने अपराध की कहानी
पहले पुलिस को आरोपी ने गुमराह करने की कोशिश की लेकिन उसकी शर्ट पर खून के धब्बे लगे थे। पुलिस से पूछताछ के दौरान वह टूट गया और अपना अपराध कबूल करते हुए घटना की कहानी बताई।
उसने पुलिस से कहा वह बच्ची को दयाबस्ती स्टेशन के सुनसान इलाके में ले गया। वहां उसने शराब पी और बच्ची के साथ रेप किया। उसके बाद बच्ची का गला घोंटा और उसे लगा कि वह मर गई। उसे गड्ढे में फेंककर वह घर लौट आया।
पुलिस मौके पर पहुंची तो जिंदा मिली बच्ची
गड्ढे में बच्ची के होने की सूचना मिलते ही पुलिस जब मौके पर पहुंची तो वहां वह जिंदा मिली। बेहोशी की अवस्था में उसे बचाकर पुलिस हॉस्पिटल ले गई। बच्ची की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications