दिल्ली: ओल्ड सीमापुरी में संदिग्ध बैग मिलने से हड़कंप, पुलिस को घर में मिला 3 किलो विस्फोटक
नई दिल्ली, 17 फरवरी। देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गुरुवार को दोपहर एक संदिग्ध बैग मिलने से हड़कंप मच गया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक बैग दिल्ली के ओल्ड सीमापुरी इलाके में सड़क पर मिला, जिसकी जानकारी राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) को दे दी गई है। बैग से लोगों को दूर रहने के लिए कहा गया है, वहीं उसमें विस्फोटक होने की आशंका के साथ उचित सुरक्षा सावधानियां बरती जा रही हैं। इस मामले में दिल्ली पुलिया जरूरी प्रक्रिया कर रही है।

दिल्ली पुलिस के सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक गाजीपुर आरडीएक्स मामले की जांच के दौरान स्पेशल सेल को पुरानी सीमापुरी स्थित इस मकान की जानकारी मिली। स्पेशल सेल की टीम जब यहां पहुंची तो यह घर बंद था और एक संदिग्ध बैग मिला। दमकल विभाग और एनएसजी को मौके पर पहुंचने की सूचना दी गई है। घर और बैग की जांच की जा रही है, सुरक्षा के मद्देनजर मौके पर अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी गई है। सूत्रों के मुताबिक ओल्ड सीमापुरी के संदिग्ध घर से पुलिस ने तीन किलो विस्फोटक आईईडी बरामद किया है। यह वैसा ही है जैसा जनवरी में गाजीपुर फ्लावर मार्केट से बरामद हुआ था। वहीं संदिग्ध दिल्ली-यूपी सीमा के पास रणनीतिक स्थान पर छिपे थे।
गौरतलब है कि नए साल में राजधानी में संदिग्ध बैग मिलने की यह दूसरी घटना है, इससे पहले 19 जनवरी को दिल्ली के त्रिलोकपुरी इलाके में दो संदिग्ध बैग मिले थे। मामला गणतंत्र दिवस से ठीक पहले का था, इसलिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम के चलते बैग को लेकर एजेंसियां हरकत में आ गईं थी। डीसीपी (पूर्वी) प्रियंका कश्यप ने बताया था कि दो अज्ञात बैग्स के संबंध में पीसीआर को कॉल आई थी। जिसके बाद तुरंत पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके को घेर लिया। तुरंत बम निरोधक दस्ते को भी बुलाया गया, लेकिन जब उन्होंने बैग खोला तो उसमें कुछ भी संदिग्ध चीज नहीं थी।
यह भी पढ़ें: Weather Updates: कई राज्यों में बारिश की आशंका, Alert जारी , जानिए दिल्ली का हाल












Click it and Unblock the Notifications