Delhi: सड़कों पर बाइक स्टंट करता दिखा 'स्पाइडरमैन', बैक सीट पर थी 'स्पाइडरवुमन', पुलिस के जाल में यूं फंसे
Delhi News: देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में इनदिनों बाइक स्टंट के कई कारनामें आपने देखे और सुने होंगे। लेकिन क्या कभी आपने 'स्पाइडरमैन' को बाइक दौड़ाते देखा है? जी हां, इन दिनों दिल्ली की सड़कों पर 'स्पाइडरमैन अपनी स्पाइडरवुमन' के साथ खतरनाक स्टंट करते देखा गया। हालांकि, अब दोनों दिल्ली पुलिस के जाल में फंस गए हैं।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार को कॉमिक पात्रों स्पाइडरमैन और स्पाइडरवुमन की बॉडी-कॉन वेशभूषा पहने खतरनाक स्टंट करते पकड़े गए। द्वारका में बिना नंबर प्लेट वाली बाइक पर दोनों के स्टंट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। जिसके बाद दिल्ली पुलिस एक्शन मोड में आ गई। खतरनाक ड्राइविंग और बिना हेलमेट के सफर करने सहित विभिन्न धाराओं में मोटर वाहन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया। पूछताछ में स्पाइडरमैन निकला आम इंसान...

पूछताछ के बाद 'स्पाइडरमैन' की पहचान नजफगढ़ निवासी आदित्य(20 वर्षीय) और उसके 19 वर्षीय दोस्त के रूप में सामने आई। ये दोनों सोशल मीडिया पर काफी पॉपुलर हैं। राइडर पर धारा 5/180, 194डी, 3/181, 177, 125(2) सीएमवीआर/177, 184 एमवी एक्ट, 50,51 सीएमवीआर/39/192 एमवी एक्ट और 209 एमवी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इस बीच, इस महीने की शुरुआत में, पश्चिमी दिल्ली के सुभाष नगर में लापरवाही से गाड़ी चलाने और खतरनाक स्टंट करने के आरोप में दिल्ली पुलिस ने एक 20 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया था। दिल्ली पुलिस ने कहा कि उसने अनुयायियों को इकट्ठा करने और प्रभावशाली युवाओं को गुमराह करने के लिए सोशल मीडिया पर इस कृत्य के वीडियो भी पोस्ट किए थे।












Click it and Unblock the Notifications