'मुफ्त बिजली योजना' के जांच के आदेश को सिसोदिया ने बताया असंवैधानिक, कहा-'LG के पास अधिकार नहीं'
नई दिल्ली, 04 अक्टूबर। दिल्ली में उपराज्यपाल और सरकार के बीच चल रही तकरार कम होने का नाम नहीं ले रही है। राष्ट्रीय राजधानी में बिजली सब्सिडी योजना की जांच के आदेश के बाद दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने मंगलवार को उपराज्यपाल वीके सक्सेना को पत्र लिखा। इस पत्र के जरिए उन्होंने जांच को "राजनीति से प्रेरित और असंवैधानिक" बताया है। साथ ही इस मामले में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी प्रतिक्रिया दी है।

बिजली सब्सिडी योजना को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुजरात चुनाव से जोड़ा है। उन्होंने कहा कि उपराज्यपाल की तरफ से यह कदम गुजरात में मुफ्त बिजली की पहल को रोकने के उद्देश्य से उठाया गया है। आपको बता दें कि उपराज्यपाल सक्सेना ने मुख्य सचिव नरेश कुमार को आप सरकार की बिजली सब्सिडी योजना में कथित अनियमितताओं की जांच का आदेश दिया है। साथ ही मुख्य सचिव को एक सप्ताह के भीतर जांच रिपोर्ट भी सौंपने को कहा गया है।
सिसोदिया बोले उपराज्यपाल को नहीं है यह अधिकार
उपराज्यपाल के आदेश पर सवाल आदेश उठाते हुए सिसोदिया ने कहा कि उपराज्यपाल के पास जमीन, पुलिस और कानून-व्यवस्था को छोड़कर दिल्ली सरकार से संबंधित किसी भी मामले पर जांच का आदेश देने का अधिकार नहीं है। अपने पत्र के जरिए सिसोदिया ने दावा करते हुए कहा कि उपराज्यपाल सक्सेना लगातार दिल्ली में चुनी हुई सरकार द्वारा लिए गए फैसलों की जांच के आदेश दे रहे हैं,जो कि "अवैध और असंवैधानिक" है।
सिसोदिया ने अपने पत्र में शराब घोटाले जैसे अन्य मामलों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उपराज्यपाल की तरफ से बस खरीद, शराब घोटाले की भी जांच कराई गई, लेकिन कुछ निकला नहीं, बल्कि अधिकारियों का मनोबल ही गिरा है। वहीं, इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री केजरीवाल ने आरोप लगाया कि गुजरात में विधानसभा चुनाव को देखते हुए जांच के आदेश दिए गए है। क्योंकि मैं भाजपा शासित राज्य में प्रचार में व्यस्त हूं। साथ ही केजरीवाल ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार उनकी मुफ्त बिजली योजना में रुकावट डाल रही है।
केजरीवाल बोले, मुफ्त बिजली योजना गुजरातियों को आ गई है पसंद
दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा कि आप की मुफ्त बिजली गारंटी योजना को गुजरात के लोगों ने अच्छी तरह से समझ लिया है। गुजरात के लोगों को यह योजना बहुत अच्छी लगी है। यही वजह है कि भाजपा दिल्ली में मुफ्त बिजली योजना को बंद कराने में लगी है। वहीं, इस मामले को लेकर केजरीवाल ने एक ट्वीट भी किया है। इस ट्वीट के जरिए उन्होंने दिल्ली के लोगों से अपील करते हुए कहा कि आप मुझ पर भरोसा रखें। मैं आपकी मुफ्त बिजली को किसी भी कीमत पर बंद नहीं होने दूंगा। इसके अलावा उन्होंने गुजरात के लोगों को भी आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि अगर प्रदेश में आप की सरकार आई तो 1 मार्च से भाजपा की शक्ति खत्म हो जाएगी।
ये भी पढ़ें- आंध्र प्रदेश: अमरावती को राजधानी के रूप में विकसित करने के लिए YSRC सरकार प्रतिबद्ध












Click it and Unblock the Notifications