कौन है लेडी डॉन जिकरा, सीलमपुर हत्याकांड में आ रहा जिसका नाम, बंदूक के साथ तस्वीरें वीडियो वायरल
Seelampur Death Case: दिल्ली के सीलमपुर इलाके 17 साल के कुणाल की गुरुवार (17 अप्रैल) शाम करीब 8 बजे चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई है। इस घटना के बाद इलाके में तनाव है। परिवार वालों का आरोप है कि मुस्लिम लड़कों ने पुरानी रंजिश में इस हत्या को अंजाम दिया है। अब इस केस में एक नया मोड़ सामने आया है। सीलमपुर हत्याकांड में 'लेडी डॉन' के नाम से मशहूर जिकरा नाम की लड़की का नया एंगल सामने आया है।
मृतक कुणाल के माता-पिता ने बताया है कि उनके बेटे को 'लेडी डॉन' जिकरा नाम की लड़की ने कुछ दिनों पहले धमकी दी थी। मृतक की मां ने कहा कि लेडी डॉन लोगों को परेशान करती है। ग्रुप में जाकर लोगों के घरों पर अक्सर हमला करते रहती है। हालांकि पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में अब तक जिकरा का कोई रोल इस केस में नहीं मिला है। पुलिस ने हत्या के बाद जिकरा से पूछताछ भी की थी लेकिन उसके बाद उसे छोड़ दिया गया। सोशल मीडिया जिकरा की पिस्टल लिए तस्वीरें और वीडियो भी वायरल हो रहे हैं। ऐसे में आइए जानते हैं कौन है ये 'लेडी डॉन' के नाम से मशहूर जिकरा?

मृतक कुणाल के पिता का दावा- लेडी डॉन जिकरा ने पहले दी थी बेटे को धमकी
मृतक कुणाल के पिता राजबीर ने कहा है कि उनके बेटे की किसी से भी कोई दुश्मनी नहीं थी। गुरुवार को शाम 8 बजे के आसपास कुणाल दुकान से दूध लेने गया था। उसी दौरान रास्ते में घेरकर उसपर हमला किया गया। जब हमें पड़ोसी ने आकर बताया तो हम मौके पर पहुंचे तो देखा बेटा खून से लथपथ था। अस्पताल ले जाने के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पिता राजबीर ने कहा जब ये वारदात हुई तो साहिल नाम के एक लड़के के साथ उसके दोस्त और र जिकरा भी घटनास्थल के आसपास मौजूद थी। इलाके में लेडी डॉन के नाम से जाने जाने वाली जिकरा ने कुणाल को धमकी दी थी कि छोड़ेंगे नहीं। हालांकि हमें ये नहीं पता कि वो धमकी किस बात को लेकर थी।
who is Lady Don Ziqra: कौन है लेडी डॉन जिकरा?
🔴 जिकरा को सीलमपुर और उसके आसपास के इलाकों में एक दबंग महिला के रूप में जाना जाता है। कई लोग उसे लेडी डॉन कहते हैं। वह सोशल मीडिया पर लगातार वीडियो और तस्वीरें पोस्ट करती रहती है। बताया जा रहा है कि लेडी डॉन लगभग तीन महीने पहले जेल से बाहर आई थी।
🔴 असल में जिकरा ने कुछ वक्त पहले पिस्टल के साथ अपने इंस्टाग्राम पर फोटो और वीडियो शेयर किए थे, जिसके बाद मामले में आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया था। जिकरा ने अपने इंस्टाग्राम पर अपना नाम लेडी डॉन लिखा हुआ है। इंस्टा बॉयो में वह खुद को 'बदमाश गर्ल' लिखती है।
🔴 जिकरा जेल में बंद गैंगस्टर हाशिम बाबा की पत्नी जोया के साथ रहती थी। जोया को पुलिस ने कुछ दिनों पहले ही गिरफ्तार किया था। कहा जा रहा है कि जोया के जेल जाने के बाज जिकरा अपना गैंग बना रही थी।
🔴 कुछ मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि जिकरा न केवल एक स्वतंत्र अपराधी है, बल्कि अंडरवर्ल्ड से भी जुड़ी हुई है। कथित तौर पर उसे दिल्ली के जाने-माने अपराधी गैंगस्टर हाशिम बाबा की पत्नी जोया ने बाउंसर के तौर पर काम पर रखा था।
🔴 जिकरा कथित तौर पर बंदूक से जुड़े अपराधों सहित कई अवैध गतिविधियों में भी शामिल है और हिंसा और धमकी के लिए जानी जाती है। जिकरा के खिलाफ कई मामले दर्ज हैं।
🔴 जिकरा अदालत में पेशी और पुलिस हिरासत के दौरान भी वीडियो बनाना और उन्हें ऑनलाइन पोस्ट करना जारी रखा था। उसका सोशल मीडिया ऐसे वीडियो से भरा पड़ा है जिसमें वह आर्म्स के साथ पोज देती हुई और युवकों से घिरी हुई दिखाई देती है।
लेडी डॉन जिकरा पर क्या है आरोप?
कुणाल हत्या केस को लेकर कहा जा रहा है कि जिकरा के साथ जो लड़के थे...उन्होंने ने ही कुणाल की हत्या की है। कुणाल की हत्या के मामले में स्थानीय लोगों और पीड़ित परिवार ने जिकरा पर आरोप लगाया है कि वह इस घटना में शामिल है। पुलिस ने कहा है कि जिकरा की भूमिका की अभी भी जांच चल रही है। सीलमपुर पुलिस की क्रैक टीम ने उसे पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था, लेकिन अभी तक उसकी औपचारिक गिरफ्तारी नहीं हुई है। अधिकारियों का कहना है कि वे इस बात की पुष्टि कर रहे हैं कि वह अपराध स्थल पर मौजूद थी या नहीं।
कौन था सीलमपुर का मृतक कुणाल?
मृतक कुणाल 17 साल का था और पढ़ाई कर रहा था। कुणाल के पिता राजबीर ऑटो ड्राइवर हैं। कुणाल के परिवार में तीन भाई और एक बहन है।
सीलमपुर में रहने वाले परिवारों ने अपने-अपने घरों के बाहर हिंदू पलायन के पोस्टर लगाए हैं। इन लोगों ने पीएम नरेंद्र मोदी और यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ से मदद की गुहार लगाई है। इस पोस्टर पर लिखा है, ''हिंदू पलायन कर रहा है, योगी जी मदद करो। यह मकान बिकाऊ है...यहां हिंदू खतरे में हैं।''












Click it and Unblock the Notifications