कहां है दिल्ली का मास्टर प्लान? कितनी लाशों के बाद बदलेगी तस्वीर? बेतरतीब निर्माण राजधानी में मौत का सौदागर!

Satya Niketan Building Collapse Explainer: देश की राजधानी दिल्ली सिर्फ सत्ता का केंद्र नहीं, बल्कि लाखों लोगों के सपनों का शहर भी है। लेकिन इन्हीं सपनों के बीच एक दूसरी तस्वीर लगातार सामने आ रही है...तंग गलियां, बिना मंजूरी की अतिरिक्त मंजिलें, जर्जर इमारतें, बेसमेंट में चल रहे कारोबार, आग से बचाव के कमजोर इंतजाम और ऐसी जगहों पर बने हॉस्टल पीजी जहां सुरक्षा से ज्यादा कमाई को तरजीह मिलती दिखती है।

'दिल्ली मास्टर प्लान' के सुनहरे अक्षरों में सजाकर पेश किया जाता है। लेकिन जमीनी हकीकत की ताजा तस्वीर 6 सितंबर 2026 को दक्षिण पश्चिम दिल्ली के सत्य निकेतन में पांच मंजिला छात्र पीजी का ढहना है। 7 सितंबर तक मौतों का आंकड़ा 7 पहुंच गया। शुरुआती जांच में इमारत में निर्माण, मरम्मत कार्य, बेसमेंट में पानी जमा होने जैसी खामियां देखी जा रही है। MCD की प्रारंभिक पड़ताल में यह भी सामने आया कि इमारत के पास स्वीकृत भवन योजना नहीं थी। तो सवाल सिर्फ एक इमारत का नहीं है। सवाल है, दिल्ली में ऐसी कितनी इमारतें हैं जो हादसे का इंतजार कर रही हैं? और आखिर कितनी मौतों के बाद राजधानी की प्लानिंग व्यवस्था अपनी नींद से जागेगी?

satya-niketan-building-collapse-explainer

पहले समझिए सत्य निकेतन में क्या हुआ?

6 सितंबर की दोपहर सत्य निकेतन इलाके में छात्रों के रहने के लिए इस्तेमाल हो रही पांच मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। इमारत में छात्र और निर्माण कार्य से जुड़े लोग मौजूद थे। रेस्क्यू टीमों को मलबे में फंसे लोगों तक पहुंचने के लिए घंटों मशक्कत करनी पड़ी। आसपास के पीजी और छात्र आवासों को भी खाली कराया गया। हादसे के बाद MCD ने आसपास की इमारतों की सुरक्षा जांच और कार्रवाई तेज करने की बात कही। प्रारंभिक रिपोर्टों में सामने आए सवालों में बिना स्वीकृत नक्शे का निर्माण, अतिरिक्त निर्माण, पुरानी संरचना और बेसमेंट में पानी, मरम्मत का काम शामिल हैं। हालांकि, हादसे की अंतिम वजह जांच पूरी होने के बाद ही साफ होगी। यानी कहानी सिर्फ 'इमारत गिरी' तक सीमित नहीं है। असल सवाल यह है कि अगर इमारत असुरक्षित थी तो हादसे से पहले उसकी पहचान क्यों नहीं हुई?

satya-niketan-building-collapse-explainer

बिल्डिंग मालिक अरेस्ट, क्या इतनी सजा काफी?

हादसे के बाद फरार चल रहे पांच मंजिला इमारत के मालिक हरिराम गुप्ता को दिल्ली पुलिस ने 7 सितंबर को गिरफ्तार कर लिया। यह गिरफ्तारी राजस्थान के भिवाड़ी से हुई। इसके साथ ही, MCD के पांच वरिष्ठ अधिकारियों पर भी गाज गिरी है। इसमें, डिप्टी कमिश्नर राकेश कुमार, सुपरिटेंडिंग इंजीनियर रणवीर सिंह, एग्जीक्यूटिव इंजीनियर ललित कुमार गोयल, असिस्टेंट इंजीनियर सुनील चौहान, जूनियर इंजीनियर आशीष कुमार शामिल हैं। लेकिन सवाल अब भी वही है कि क्या सिर्फ निलंबित करना ही सही इलाज है?

2025 से अब तक हादसों की यह तस्वीर डराती है

केस 1: जून 2026, मालवीय नगर B&B में आग, 21 मौतें

3 जून 2026 को दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर स्थित Flourish Stays B&B में आग लगी। हादसे में 21 लोगों की मौत हुई। जांच में सामने आया कि जिस भवन में सिर्फ छह कमरों की अनुमति थी, वहां करीब 26 कमरे संचालित किए जा रहे थे। FIR में 28 कमरों का उल्लेख है। बेसमेंट में वेंटिलेशन की कमी, बंद दरवाजा और फायर सेफ्टी से जुड़े गंभीर सवाल सामने आए। यानी यहां भी सवाल आग से ज्यादा इमारत के इस्तेमाल और निगरानी व्यवस्था पर उठा। हादसे के बाद MCD ने शहरभर में अनधिकृत इमारतों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की। 5 जून तक 82 संपत्तियों को ध्वस्त और 43 को सील किए जाने की जानकारी सामने आई। लेकिन सवाल फिर वही कि क्या कार्रवाई हादसे से पहले नहीं होनी चाहिए थी?

केस 2: मई 2026, सैदुलाजाब में इमारत गिरी, 6 मौतें

30 मई 2026 को दक्षिण दिल्ली के सैदुलाजाब में बहुमंजिला व्यावसायिक इमारत गिर गई। हादसे में 6 लोगों की मौत और कई लोग घायल हुए। पुलिस और मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक इमारत में अतिरिक्त निर्माण चल रहा था। इमारत के ऊपरी हिस्से पर अतिरिक्त मंजिलों का निर्माण और संरचनात्मक सुरक्षा को लेकर सवाल उठे। यह इलाका खुद दिल्ली की दूसरी बड़ी समस्या दिखाता है। छोटी छोटी गलियों में दीवार से दीवार सटी बहुमंजिला इमारतें। रेस्क्यू ऑपरेशन में भी संकरी गलियों के कारण भारी मशीनरी की पहुंच मुश्किल। हादसे के बाद MCD के दो इंजीनियरों को निलंबित किया गया और जांच के आदेश दिए गए। लेकिन दिल्ली के सामने बड़ा सवाल है कि क्या हर हादसे के बाद एक दो अधिकारियों का निलंबन ही व्यवस्था सुधारने का विकल्प है?

केस 3: मार्च 2026, पालम में आग, 9 मौतें

18 मार्च 2026 को दक्षिण पश्चिम दिल्ली के पालम में चार मंजिला मकान में भीषण आग लगी। 9 लोगों की मौत हुई, जिनमें बच्चे भी शामिल थे। मजिस्ट्रियल जांच में सामने आया कि रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान दिल्ली फायर सर्विस का ब्रोंटो स्काईलिफ्ट ऊपर लटक रहे केबल और बैनर में फंस गया। मौके पर दूसरा हाई रिच रेस्क्यू उपकरण उपलब्ध नहीं था और दमकलकर्मियों को मैनुअल सीढ़ी पर निर्भर रहना पड़ा। यानी सवाल सिर्फ इमारत की सुरक्षा का नहीं था। जिस शहर में इमारत तक दमकल की हाई राइज मशीन पहुंचने में भी बाधा हो, वहां आग लगने के बाद लोगों की जान बचाना कितना मुश्किल होगा?

केस 4: जुलाई 2025, वेलकम की जनता कॉलोनी में 6 मौतें

12 जुलाई 2025 को उत्तर पूर्वी दिल्ली की जनता कॉलोनी में चार मंजिला इमारत ढह गई। एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत हुई, जिनमें दो साल की बच्ची भी शामिल थी। इमारत बेहद संकरी गलियों के बीच थी। हादसे के बाद सामने आया कि आसपास की इमारतें भी एक दूसरे से बेहद सटी हुई थीं। दिल्ली फायर सर्विस की टीमों को घटनास्थल तक पहुंचने में परेशानी हुई। यह घटना दिल्ली की उस बस्ती व्यवस्था पर सवाल खड़ा करती है जहां आबादी बढ़ती गई, मंजिलें बढ़ती गईं, लेकिन सड़कें और आपदा प्रबंधन की क्षमता वहीं की वहीं रह गई।

केस 5: अप्रैल 2025, मुस्तफाबाद में 11 मौतें

20 अप्रैल 2025 को उत्तर पूर्वी दिल्ली के दयालपुर मुस्तफाबाद इलाके में चार मंजिला इमारत ढह गई। 11 लोगों की मौत हुई। NDRF और अन्य अधिकारियों के मुताबिक मलबा 'पैनकेक' की तरह एक दूसरे पर गिरा था। जांच में भवन के ढांचे में बदलाव और एक सपोर्टिंग पिलर हटाए जाने जैसे पहलुओं की जांच हुई। सबसे बड़ी मुश्किलों में से एक थी कि संकरी गलियां। भारी रेस्क्यू मशीनरी को घटनास्थल तक पहुंचने और मलबा हटाने में कठिनाई हुई। एक पिलर हटाने से लेकर पूरी इमारत के ढहने तक की कहानी बताती है कि अनधिकृत निर्माण का एक छोटा फैसला कितनी बड़ी कीमत वसूल सकता है।

आंकड़े भी खतरे की घंटी बजा रहे हैं

यह केवल पांच छह हादसों की कहानी नहीं है। दिल्ली फायर सर्विस के आंकड़ों के मुताबिक, 2025 में मकान व इमारत गिरने से संबंधित 544 कॉल मिलीं। 2024 में ऐसी 464 कॉल आई थीं। 2026 के पहले पांच महीनों में ही 76 कॉल मिलीं। इसमें जनवरी में 17, फरवरी में 10, मार्च में 15, अप्रैल में 20 और मई में 14 शामिल हैं। और जनवरी 2024 से दिसंबर 2025 के बीच इमारत गिरने की घटनाओं में 46 लोगों की जान गई। ये आंकड़े बताते हैं कि दिल्ली में बिल्डिंग सेफ्टी कोई छिटपुट समस्या नहीं है। यह एक लगातार बढ़ता हुआ शहरी जोखिम है।

satya-niketan-building-collapse-explainer

समस्या सिर्फ पुरानी इमारत नहीं, पूरा सिस्टम है

दिल्ली में हादसों के पीछे बार बार कुछ समान कारण सामने आते हैं। इसमें...

  • बिना मंजूरी अतिरिक्त मंजिलें
  • पास नक्शे के विपरीत निर्माण
  • पुरानी और कमजोर संरचनाएं
  • बेसमेंट में अनधिकृत गतिविधियां
  • फायर सेफ्टी नियमों की अनदेखी
  • संकरी गलियां
  • तारों का मकड़जाल
  • एग्जिट की सही व्यवस्था न होना
  • भवनों की नियमित जांच का अभाव

यानी हादसा अचानक होता है, लेकिन उसकी जमीन सालों में तैयार होती है।

कहां है दिल्ली का मास्टर प्लान?

satya-niketan-building-collapse-explainer

दिल्ली का पहला मास्टर प्लान 1962 में आया था। इसके बाद 2001 और 2021 के मास्टर प्लान आए। लेकिन यहां भी दिल्ली की सबसे बड़ी समस्या सामने आती है, योजना और जमीन के बीच का फासला आ जाता है। MPD 2021 को 2001 में लागू होना था, लेकिन यह 2007 में अधिसूचित हुआ। इसके बाद MPD 2041 की तैयारी हुई। DDA (दिल्ली डेवलपमेंट अथॉरिटी) ने फरवरी 2023 में इसे मंजूरी दी थी। लेकिन यह योजना लंबे समय तक अंतिम मंजूरी और अधिसूचना की प्रक्रिया में अटकी रही। DDA के अपने रिकॉर्ड में भी फरवरी 2023 में MPD 2041 को मंजूरी दिए जाने का जिक्र किया। फिर कहानी ने एक और मोड़ लिया।

2041 से 2047, क्या सिर्फ साल बदला या दिल्ली भी बदलेगी?

अगस्त 2026 में Master Plan for Delhi 2047 यानी MPD 2047 को मंजूरी दी गई। इसे विकसित भारत@2047 के व्यापक विजन से जोड़ा गया है। नई योजना में पुराने इलाकों के पुनर्विकास, आवास, ट्रांजिट ओरिएंटेड डेवलपमेंट, लैंड पूलिंग, यमुना फ्लडप्लेन और शहरी ढांचे जैसे कई मुद्दे शामिल हैं। लेकिन असली परीक्षा कागज पर नहीं होगी। असली सवाल यह होगा कि MPD 2047 दिल्ली की उन गलियों तक कब पहुंचेगा, जहां फायर ब्रिगेड की गाड़ी तक ठीक से नहीं पहुंच पाती?

दिल्ली की असली बीमारी: प्लान एक तरफ, जमीन पर निर्माण दूसरी तरफ

सत्य निकेतन से लेकर सैदुलाजाब और मुस्तफाबाद तक एक पैटर्न नजर आता है। पहले छोटा मकान बना। फिर एक मंजिल बढ़ी। फिर दूसरी। फिर पीजी या हॉस्टल शुरू हुआ। फिर बेसमेंट में व्यावसायिक गतिविधि शुरू हुई। फिर दुकान या ऑफिस खुल गया। और कई बार तब तक प्रशासन पहुंचा, जब तक इमारत हादसे में नहीं बदल गई। यही वह जगह है, जहां सवाल दिल्ली की शहरी शासन व्यवस्था पर उठता है। क्या दिल्ली में भवन निर्माण की निगरानी सिर्फ नक्शा पास करने तक सीमित है? क्या पुरानी इमारतों का नियमित संरचनात्मक ऑडिट होता है? क्या पीजी और हॉस्टल की सुरक्षा जांच नियमित होती है? क्या संकरी गलियों में बनी बहुमंजिला इमारतों की अग्नि पहुंच मानचित्रण है? और सबसे बड़ा सवाल ये है कि अगर किसी इमारत में खतरा पहले से मौजूद है तो प्रशासन को हादसे का इंतजार क्यों करना पड़ता है?

satya-niketan-building-collapse-explainer

MCD पर भी सवाल, दिल्ली सरकार पर भी

यहां जिम्मेदारी तय करते समय एक बात साफ समझना जरूरी है। दिल्ली की शहरी व्यवस्था किसी एक संस्था के हाथ में नहीं है। MCD (दिल्ली नगर निगम), DDA, दिल्ली सरकार के विभाग, दिल्ली फायर सर्विस, पुलिस और उपराज्यपाल व केंद्र से जुड़े संस्थागत अधिकार, सभी की अलग अलग भूमिकाएं हैं। रेखा गुप्ता ने 20 फरवरी 2025 को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। दूसरी तरफ मार्च 2026 से दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू हैं। उन्होंने 11 मार्च 2026 को पद संभाला था। यानी आज दिल्ली की व्यवस्था में राज्य सरकार, MCD और LG केंद्र की प्रशासनिक भूमिका, तीनों को मिलकर जवाब देना होगा।

हादसे के बाद बुलडोजर चलता है, पहले क्यों नहीं?

मालवीय नगर हादसे के बाद अनधिकृत संपत्तियों पर कार्रवाई हुई। सैदुलाजाब हादसे के बाद इंजीनियरों पर कार्रवाई हुई। सत्य निकेतन हादसे के बाद अवैध इमारतों की जांच और सीलिंग के आदेश सामने आए। लेकिन दिल्लीवासियों का सवाल बिल्कुल सीधा है कि अगर नियम तोड़ने वाली इमारतें इतनी आसानी से पहचानी जा सकती हैं कि हादसे के बाद उन्हें सील किया जा सकता है, तो हादसे से पहले उनकी पहचान क्यों नहीं होती? यही दिल्ली के सिस्टम की सबसे बड़ी परीक्षा है।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+