Rekha Gupta Delhi CM: BJP ने लगाई मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर,रेखा गुप्ता के सामने क्या होंगी 5 बड़ी चुनौतियां?
Rekha Gupta Delhi CM: दिल्ली में बीजेपी की नव-निर्वाचित सरकार का गठन हो गया है और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता समेत उनके मंत्रिमंडल के 6 सदस्यों ने शपथ ले ली है। गुरुवार यानी 20 फरवरी को दिल्ली में भाजपा की नव-निर्वाचित सरकार ने राजधानी के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में सत्ता ग्रहण किया है। लेकिन, नई सरकार और नई मुख्यमंत्री के सामने पहले दिन से ही कई चुनौतियां भी खड़ी रहने वाली हैं।
27 साल बाद दिल्ली की सत्ता में आना भाजपा के लिए एक बहुत बड़ी उपलब्धि है,लेकिन नई मुख्यमंत्री के सामने कई अहम चुनौतियां पहले से ही खड़ी हैं। यहां हम उन पांच प्रमुख चुनौतियों की बात कर रहे हैं, जिनसे निपटना उनके लिए जरूरी होगा।

Rekha Gupta Delhi CM Challenges: चुनाव के दौरान किए गए बड़े-बड़े वादों को पूरा करना
बीजेपी ने चुनाव अभियान के दौरान कई बड़े वादे किए हैं। इनमें से सबसे प्रमुख वादा है 8 मार्च को यानी अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस तक योजना की पात्र महिलाओं को 2,500 रुपए की वित्तीय सहायता देना।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद अपनी रैलियों में इसे 'मोदी की गारंटी' बताया है। इसके साथ ही,गर्भवती महिलाओं को 21,000 रुपए की एक मुश्त सहायता राशि देने के वादे को भी समय पर पूरा करना जरूरी है। वैसे भी इस चुनाव में अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी की तख्ता पलट में महिला वोटरों का बहुत बड़ा योगदान माना जा रहा है। महिला मुख्यमंत्री होने के नाते रेखा गुप्ता के कंधों पर यह जिम्मेदारी बढ़ गई है।
Rekha Gupta Delhi CM: दिल्ली को प्रदूषण और गंदगी से छुटकारा दिलाना
दिल्ली की जहरीली हवा हर साल सर्दियों में गंभीर संकट बन जाती है। पराली का जलना,वाहनों से होने वाले प्रदूषण और औद्योगिक गतिविधियां इसकी प्रमुख वजहें हैं।
नई मुख्यमंत्री को राजधानी में ग्रीन बेल्ट बढ़ाने,इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने और कचरा प्रबंधन में सुधार जैसे ठोस समाधान के लिए आगे बढ़ना होगा। यमुना नदी की सफाई भी एक बड़ी चुनौती है, क्योंकि प्रदूषित यमुना इसकी पवित्रता के नाम पर एक धब्बा बन चुकी है। राहत की बात है कि सरकार गठन से पहले ही इस दिशा में काम शुरू भी हो चुका है।
Rekha Gupta Delhi CM: पानी और बिजली की समस्या का निपटरा
दिल्ली के कई इलाकों में जल संकट और अनियमित जल आपूर्ति की समस्या बनी रहती है। 'आप' को इस वजह से भी घनघोर एंटी-इंकंबेंसी सजा भुगतनी पड़ी है। बीजेपी ने चुनाव से पहले हर घर में साफ पेयजल और बिना बाधा के बिजली आपूर्ति का भी वादा किया है। कई इलाकों में पिछले दिनों में बिजली के अप्रत्याशित बिल ने भी लोगों को डराकर रखा है। उसकी ओर भी नई सरकार को ध्यान देना होगा।
गर्मियों के दौरान बिजली कटौती और जल संकट से निपटना नई सरकार के लिए बड़ी चुनौती होगी। सबकछ ट्रैक पर लाना होगा। विशेषकर यमुना प्रदूषण के कारण पीने के पानी की गुणवत्ता पर असर पड़ता है,जिससे स्वच्छ जल आपूर्ति एक चुनौती बनी रहती है।
Rekha Gupta Delhi CM: दिल्ली में नागरिकों के लिए बेहतर माहौल बनाने पर फोकस
राजधानी में महिला सुरक्षा और सड़कों पर होने वाले अपराध हमेशा से बड़ा मुद्दा रहा है। नई मुख्यमंत्री के लिए पुलिस प्रशासन के साथ तालमेल बढ़ा कर निगरानी व्यवस्था को दुरुस्त करना जरूरी होगा। CCTV कैमरों की संख्या बढ़ानी पड़ेगी,महिला हेल्पलाइन को सशक्त बनाना और गश्त बढ़ाने को प्राथमिकता देनी होगी।
वैसे दिल्ली में कानून-व्यवस्था केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय के अधीन है, लेकिन अब 'डबल इंजन' की सरकार होने की वजह से दिल्ली सरकार के पास बहानेबाजी की भी कोई गुंजाइश नहीं रहेगी।
Rekha Gupta Delhi CM: AAP की कल्याणकारी योजनाओं को बनाए रखना
अरविंद केजरीवाल और'आप' सरकार की लोकप्रियता मुफ्त बिजली,पानी और महिलाओं को फ्री बस सेवा जैसी योजनाओं पर आधारित रही है। भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में इन लोक-लुभावन योजनाओं को जारी रखने का वादा किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने भी चुनाव प्रचार के दौरान यही वादा किया है। ऐसे में अब नई मुख्यमंत्री के सामने चुनौती होगी कि वो इन योजनाओं को जारी रखते हुए भी दिल्ली की अर्थव्यवस्था को भी पटरी पर बनाए रखें।












Click it and Unblock the Notifications