Delhi: स्कूल में घुसकर बच्चियों से छेड़छाड़ करने वाले आरोपी का स्केच जारी, CCTV नहीं होने से उठे सवाल
नई दिल्ली, 5 मई: राजधानी दिल्ली में एक शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां नगर निगम की ओर से चलाए जा रहे एक स्कूल में अज्ञात शख्स घुस गया। इसके बाद उसने 8 साल की दो बच्चियों के साथ छेड़छाड़ की। इस दौरान उसने बच्ची के कपड़े भी उतार दिए। दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने इस घटना की पुष्टि की है। साथ ही दिल्ली पुलिस से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। स्कूल में सीसीटीवी नहीं होने से भी सवाल उठ रहे हैं।

मालीवाल ने कहा कि भजनपुरा क्षेत्र में एमसीडी द्वारा चलाए जा रहे एक स्कूल में एक अज्ञात शख्स घुस गया, उसने लड़कियों के कपड़े उतारे और छेड़छाड़ की। बाद में उसने क्लास के सामने पेशाब भी किया। मालीवाल के मुताबिक उन्होंने ईस्ट एमसीडी के कमिश्नर को सवाल-जवाब के लिए तलब किया है। उन्होंने पूछा कि आखिर एक स्कूल में कोई ऐसे कैसे घुस सकता है। साथ ही जो कैमरे लगाए गए थे वो कहां गए? इसके अलावा आयोग ने दिल्ली पुलिस को भी सख्त कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए नोटिस जारी किया है।
स्कूल ने की छिपाने की कोशिश
मालीवाल का आरोप है कि स्कूल प्रशासन को जब इस बात का पता चला, तो उसने मामला छिपाने की कोशिश की। साथ ही लड़कियों को इस मामले को भूलने को कहा। ऐसे में स्कूल के प्रिंसिपल और टीचर के खिलाफ भी पोस्को एक्ट के तहत कार्रवाई की जानी चाहिए।
दिल्ली पुलिस ने कही ये बात
वहीं दूसरी ओर दिल्ली पुलिस ने कहा कि एंट्री गेट और स्कूल के अंदर कोई सीसीटीवी नहीं मिला है। संदिग्ध का पता लगाने के लिए आसपास के इलाकों में सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। इसके अलावा मामला दर्ज कर एक स्केच भी जारी किया गया है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications