दिल्ली पहुंचने के तुरंत बाद पीएम मोदी ने की एलजी से बात, दिल्ली में बाढ़ के हालातों पर लिया अपडेट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी दो देशों फ्रांस और संयुक्त अरब अमीरात के दौरे के बाद शनिवार रात दिल्ली लौट आए हैं। ऐसे में उन्होंने दिल्ली पहुंचते ही यमुना के बढ़ते जलस्तर के बाद बने राजधानी में बाढ़ के हालातों के बारे में जाना।
पीएम मोदी ने दिल्ली पहुंचने के तुरंत बाद उप राज्यपाल वीके सक्सेना से यमुना नदी के जलस्तर में वृद्धि की वजह से दिल्ली में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न होने को लेकर बात की।

न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक यूएई से दिल्ली पहुंचने के तुरंत बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने एलजी वीके सक्सेना से यमुना नदी के जलस्तर में वृद्धि के कारण दिल्ली में बनी बाढ़ की स्थिति और किए जा रहे कार्यों की प्रगति के बारे में बात की।
दिल्ली एलजी ने किया ट्वीट
वहीं एलजी दिल्ली वीके सक्सेना ने ट्वीट कर बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घर पहुंचते ही फोन किया और दिल्ली में बाढ़ की स्थिति का विस्तृत ब्यौरा लिया और किए जा रहे प्रयासों की पूरी जानकारी ली। उन्होंने फिर से केंद्र की मदद और सहयोग से दिल्ली के लोगों के हित में हर संभव काम करने का निर्देश दिया।
इससे पहले गुरुवार को भी पीएम मोदी ने फ्रांस से दिल्ली के एलजी को फोन किया था और दिल्ली में जलभराव और बाढ़ की स्थिति और उससे निपटने के प्रयासों के बारे में जानकारी ली थी। पीएम मोदी ने केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव मदद लेकर उचित कदम उठाने के निर्देश दिए।
दिल्ली में बाढ़, लाल किले तक पहुंचा पानी
आपको बता दें कि दिल्ली में शनिवार सुबह 10 बजे उफनती यमुना नदी का जलस्तर 207.48 मीटर दर्ज किया गया है। यमुना का पानी रिंग रोड पर लाल किले की दीवार तक पहुंच गया है, जिससे आसपास के इलाकों में पानी भर गया है।
इधर, भारतीय नौसेना की गोताखोरी टीम ने शनिवार को यमुना बैराज, आईटीओ पर गाद निकालने का काम किया। वहीं आम लोग जलजमाव से जूझते नजर आ रहे हैं। लोगों को घुटने-घुटने पानी के बीच परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।












Click it and Unblock the Notifications