दिल्ली के GTB हॉस्पिटल में मरीज की गोली मारकर हत्या, इलाज के लिए अस्पताल में था भर्ती
दिल्ली से बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां जीटीबी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। पुलिस के मुताबिक रियाजुद्दीन नाम का एक व्यक्ति जीटीबी अस्पताल में इलाज के लिए आया था। इसी दौरान रविवार शाम करीब 4 बजे युवक अस्पताल के अंदर घुसा और उसने रियाजुद्दीन को गोली मार दी।
पुलिस के मुताबिक रियाजुद्दीन नाम का व्यक्ति 23 जून से अस्पताल में एडमिट था। इस दौरान रविवार को शाम करीब 4 बजे 18 साल का एक लड़का अस्पताल के अंदर घुसा और उसने रियाजुद्दीन को गोली मार दी। प्राप्त जानकारी के मुताबिक रियाजुद्दीन नशे का आदी था। उसका कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक अस्पताल के वार्ड नंबर 24 में हुई घटना के बारे में जीटीबी एनक्लेव थाने में पीसीआर कॉल आई थी। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो जानकारी मिली कि रियाजुद्दीन नाम का एक मरीज घायल हो गया था। बाद में डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस उपायुक्त सुरेंद्र चौधरी के मुताबिक शाम करीब 4 बजे 18 वर्षीय एक युवक वार्ड में आया और उसने रियाजुद्दीन पर गोली चला दी। डीसीपी ने बताया कि मामला दर्ज किया जा रहा है और अपराधी को पकड़ने के लिए टीम में गठित की गई है। प्रथम दृष्टया मामला व्यक्तिगत दुश्मनी का लग रहा है।
अस्पताल में रियाजुद्दीन की हत्या उसे वक्त की गई जब जनरल सर्जरी वार्ड 24 में डॉक्टर इलाज कर रहे थे। घटना के बाद रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन ने अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा कर दी। अनिश्चितकालीन हड़ताल 15 जुलाई 2024 से शुरू होगी। आरडीए का कहना है कि घटना ने हमारे समुदाय को गहराई से झकझोर दिया है। लोगों में काफी आशंकाएं पैदा हो गई है। जब तक मूलभूत सुरक्षा सुधारो को प्रभावी ढंग से लागू नहीं किया जाता। तब तक हड़ताल जारी रहेगी। हड़ताल के दौरान आपातकालीन सेवाएं चालू रहेगी।
उधर पुलिस हमलावर की तलाश कर रही है। इसके साथ ही वारदात को अंजाम देने के मकसद का भी पता लगाने में जुटी है। क्योंकि रियाजुद्दीन का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। पुलिस मिस्टेकन आईडेंटिटी के एंगल से भी हत्या की जांच कर रही है।
मामले को लेकर स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज का भी बयान सामने आया है। मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। जो भी दोषी होगा उसे बक्शा नहीं जाएगा। सभी अस्पतालों की सुरक्षा का रिव्यू होगा।












Click it and Unblock the Notifications