दिल्ली सरकार की नई पहल, SOJO ऐप की मदद से बुक कर सकेंगे ई-रिक्शा
दिल्ली सरकार लोगों के परिवहन और कनेक्टिविटी तक पहुंच में सुधार कर रही है। इस संबंध में दिल्ली सरकार ने गुरुवार को 'सोजो' मोबाइल ऐप लॉन्च किया। ये एप्लिकेशन उपयोगकर्ताओं को कार या टैक्सी बुकिंग की तरह ही मेट्रो स्टेशनों के 10 किलोमीटर के दायरे में ई-रिक्शा बुक करने की अनुमति देता है। इस पहल का उद्देश्य लोगों के लिए परिवहन को आसान और अधिक आरामदायक बनाना है।
इसे अभी पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर लागू किया जा रहा है। इस परियोजना में पैनासोनिक होल्डिंग कॉर्पोरेशन, दिल्ली सरकार का परिवहन विभाग, ईटीओ मोटर्स प्राइवेट लिमिटेड और औद्योगिक प्रौद्योगिकी विकास संगठन (एनईडीओ) ने साझेदारी की है।

इसके तहत साउथ दिल्ली के चार मेट्रो स्टेशन नेहरू प्लेस, नेहरू एन्क्लेव, कालकाजी मंदिर और ओखला एनएसआईसी को चुना गया है। इस ऐप के जरिए लोग ई-रिक्शा बुक कर सकेंगे। ये चारों स्टेशन दिल्ली मेट्रो की मजेंटा और वॉयलेट लाइन पर हैं। ये सभी मेट्रो स्टेशनों, कार्यालय भवनों, बाज़ारों, वाणिज्यिक केंद्रों, संस्थागत स्थानों और महत्वपूर्ण आवासीय जिलों के करीब हैं। हर दिन यहां से हजारों की संख्या में लोग गुजरते हैं। ईटीओ मोटर्स ने अभी इस प्लेटफॉर्म पर 40 ई-रिक्शा जोड़े हैं।
पैनासोनिक इंडिया इनोवेशन सेंटर के चीफ इनोवेशन ऑफिसर मनीष मिश्रा के मुताबिक 'सोजो ऐप' लोगों को ना केवल राइड-शेयरिंग ई-रिक्शा बुक करने की अनुमति देगा, बल्कि पूरे रिक्शा को अपने लिए किराए पर भी ले सकेगा। हालांकि, उन्हें थोड़ा अधिक शुल्क देना होगा। शेयरिंग सवारी ई-रिक्शा का यात्रा किराया नियमित ई-रिक्शा की तुलना में 5 से 10% सस्ता होगा।












Click it and Unblock the Notifications