Delhi: मुस्तफाबाद में ढही चार मंजिला इमारत, 4 की मौत, 10 लोगों के फंसे होने की आशंका, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
Mustafabad building collapsed: उत्तर पूर्वी दिल्ली के मुस्तफाबाद विधानसभा क्षेत्र में एक चार मंजिला इमारत गिर जाने से बड़ा हादसा हो गया है। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई है। वहीं कई लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। हादसा शनिवार (19 अप्रैल) सुबह 3 बजे मुस्तफाबाद इलाके के शक्ति विहार में हुआ।
दिल्ली पुलिस ने कहा है कि दिल्ली के मुस्तफाबाद इलाके में आज सुबह एक इमारत गिरने से 4 लोगों की मौत हो गई। उत्तर पूर्व जिले के अतिरिक्त डीसीपी संदीप लांबा ने बताया कि 8-10 लोगों के अभी भी फंसे होने की आशंका है। घटनास्थल पर डॉग स्क्वॉड, NDRF और पुलिस की टीमें मौजूद है। ये हादसा कैसे हुआ, अभी तक इसकी कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।

डीसीपी संदीप लांबा के हवाले से बताया, "यह घटना सुबह करीब 3 बजे हुई... 14 लोगों को बचाया गया, लेकिन उनमें से चार की मौत हो गई... यह चार मंजिला इमारत थी... बचाव अभियान जारी है। 8-10 लोगों के अभी भी फंसे होने की आशंका है।"
घटना सीसीटीवी कैमरे में भी हुई कैद
चार मंजिला इमारत ढहने की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। एएनआई द्वारा शेयर किए गए सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि इमारत गिरने से कैसे हर तरफ धुंआ फैल गया।
डिविजनल फायर ऑफिसर राजेंद्र अटवाल ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 2:50 बजे मकान ढहने की सूचना मिली थी। उन्होंने कहा, "हमें सुबह करीब 2:50 बजे मकान ढहने की सूचना मिली...हम मौके पर पहुंचे और पाया कि पूरी इमारत ढह गई है और लोग मलबे में फंसे हुए हैं...एनडीआरएफ, दिल्ली फायर सर्विस लोगों को बचाने के लिए काम कर रही है..."
दिल्ली में शुक्रवार को मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिला। शुक्रवार रात को शहर के कई इलाकों में भारी बारिश और आंधी-तूफान देखने को मिला। इसी से जुड़ी एक घटना में पिछले सप्ताह मधु विहार पुलिस स्टेशन के पास धूल भरी आंधी के दौरान एक निर्माणाधीन इमारत की दीवार गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए थे। पुलिस के मुताबिक दीवार निर्माणाधीन छह मंजिली इमारत की थी।












Click it and Unblock the Notifications