दिल्ली: पूर्व मुख्य सचिव से मारपीट वाले मामले में सीएम केजरीवाल समेत 11 नेताओं को क्लीनचिट
नई दिल्ली, 8 जून: आम आदमी पार्टी और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के लिए एक अच्छी खबर है। दिल्ली के पूर्व मुख्य सचिव अंशु प्रकाश ने मारपीट का आरोप लगाते हुए जो याचिका दायर की थी, उसे राउज एवेन्यू कोर्ट ने खारिज कर दिया। इस मामले में केजरीवाली के अलावा डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया समेत 11 AAP विधायकों पर आरोप लगा था। कोर्ट का फैसला आने के बाद केजरीवाल ने भी ट्वीट कर इस पूरे मामले को एक षडयंत्र बताया।

अंशु प्रकाश के मुताबिक 19 फरवरी 2018 की देर रात वो एक बैठक में शामिल होने मुख्यमंत्री आवास पर गए थे। वहां पर आम आदमी पार्टी के विधायकों ने उनके साथ मारपीट की। जिसके बाद उन्होंने कोर्ट का रुख किया। इस मामले में 11 अगस्त 2021 को फैसला सुनाते हुए मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट्स कोर्ट ने सभी 11 आरोपियों को बरी कर दिया। जिसके बाद अंशु प्रकाश ने उस फैसले को सेशन कोर्ट में चुनौती दी। वहां से बुधवार को उनको बड़ा झटका लगा। उम्मीद जताई जा रही है कि अंशु प्रकाश इस फैसले के खिलाफ ऊपरी अदालत जाएंगे।
केजरीवाल ने कही ये बात
वहीं आम आदमी पार्टी ने कोर्ट के इस फैसले का स्वागत किया है। मामले में दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने एक ट्वीट को रिट्वीट करते हुए लिखा कि भगवान हमारे साथ है। ईश्वर का हम पर आशीर्वाद है। हमारे खिलाफ सभी षड्यन्त्र फेल हो जाते हैं।












Click it and Unblock the Notifications