Video: 'मुझे जेल भेज रहे हैं, मेरी पत्नी घर पर अकेली है', CBI दफ्तर जाते समय भावुक हुए मनीष सिसोदिया
Delhi Liquor Policy Case: दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया रविवार को कथित आबकारी नीति घोटाला मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के सामने पेश हुए है।

Delhi Liquor Policy Case Delhi Deputy Chief Minister Manish Sisodia: दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने शराब बिक्री नीति जांच मामले (आबकारी नीति घोटाला मामला) में पूछताछ के लिए सीबीआई मुख्यालय जाने से पहले रविवार को दिल्ली में रोड शो किया। मनीष सिसोदिया ने महात्मा गांधी के स्मारक के बाहर अपनी कार के सनरूफ से खड़े होकर भाषण दिया। भाषण के दौरान मनीष सिसोदिया अपनी पत्नी का जिक्र कर भावुक भी हुए। सीबीआई दफ्तर जाने से पहले मनीष सिसोदिया ने आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए खहा, ''आज जब ये लोग मुझे जेल भेज रहे हैं तो मेरी वाइफ घर पर अकेली है। मेरा एक बेटा है जो यूनिवर्सिटी में पढ़ता है। पत्नी घर में अकेले रहेंगी और आजकल बहुत बीमार भी हैं। आप सबको उनका ध्यान रखना है।''

'कुछ महीने जेल में बिताने की भी परवाह नहीं...'
आम आदमी पार्टी (आप) और मनीष सिसोदिया ने जांच में पूरे सहयोग का आश्वासन दिया। सुबह 10 बजे के आसपास घर से निकले सिसोदिया ने भी रविवार को ट्वीट कर कहा, उन पर करोड़ों भारतीयों का आशीर्वाद है और उन्हें कुछ महीने जेल में बिताने की भी परवाह नहीं है।
मनीष सिसोदिया ने ट्वीट किया, ''आज फिर CBI जा रहा हूं, सारी जांच में पूरा सहयोग करूंगा। लाखों बच्चो का प्यार व करोड़ो देशवासियों का आशीर्वाद साथ है। कुछ महीने जेल में भी रहना पड़े तो परवाह नहीं। भगत सिंह के अनुयायी हैं, देश के लिए भगत सिंह फांसी पर चढ़ गए थे। ऐसे झूठे आरोपों की वजह से जेल जाना तो छोटी सी चीज है।''

'हम BJP से नहीं डरते...'
मनीष सिसोदिया ने सीबीआई दफ्तर जाने से पहले कहा, ''हम बीजेपी से नहीं डरते हैं। बीजेपी तो केजरीवाल जी से डरती है। AAP से डरती है। कश्मीर से लेकर कन्याकुमार तक एक ही आवाज है...बीजेपी का काल को आम आदमी पार्टी ही बनेगी। आप ही बीजेपी के अत्याचारों से देश को मुक्ति दिलाएगी। आप ही ही देश को नंबर-1 राष्ट्र बनाएगी।''

AAP नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने लिया हिरासत में
दिल्ली में सीबीआई कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रहे आप नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया है। दिल्ली पुलिस ने कहा कि बैरिकेड पार कर CBI कार्यालय के पास विरोध करने के इरादे से इकट्ठा हुए थे। उन्हें रोककर, बैरिकेड्स पार करने की अनुमति नहीं दी गई। इसलिए वे मुख्य सड़क पर बैठ गए, जिससे यातायात बाधित हुआ।
दिल्ली पुलिस ने कहा, ''उनसे जगह खाली करने का अनुरोध किया गया था क्योंकि इलाके में धारा 144 लगाई गई है, लेकिन वे बैठे रहे और नारेबाजी करते रहे। आप सांसद संजय सिंह, दिल्ली के मंत्री गोपाल राय समेत कुल 50 लोगों (42 पुरुष और 8 महिलाएं) को हिरासत में लिया गया।"'












Click it and Unblock the Notifications